अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर स्पीकर बिरला ने किया संविधान पार्क का शिलान्यास
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को श्रीनाथपुरम में संविधान पार्क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि यह अवसर कोटा के विकास के स्वर्णिम अध्याय में एक महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ने वाला है।
भारत का संविधान पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ियों को भी संविधान से प्रेरणा मिले, इसलिए संविधान पार्क का निर्माण किया जा रहा है। यह पार्क संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर ने पीड़ित, वंचित, गरीब के लिए संघर्ष किया। इसी भावना के साथ हम कार्य कर रहे हैं। समाज में कोई वंचित न रहे, हर गरीब के सिर पर छत हो और प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलें।
आज कोटा में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कनेक्टिविटी सहित हर क्षेत्र में कार्य हो रहा है। भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों का समावेश है। संविधान पार्क इन मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
पार्क में दिल्ली के पीएम म्यूजियम की तर्ज पर बनने वाला संग्राहलय स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों, संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूतियों, लोकतंत्र की यात्रा तथा मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। पार्क में भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो हर आगंतुक को उनके महान योगदान की याद दिलाएगी और प्रेरित करेगी।
जीवंत पाठशाला बनेगा यह पार्क
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के प्रयासों से ही आज समाज के हर वर्ग को सम्मान और अधिकार प्राप्त हुए हैं, इसी कारण देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बाबा साहब का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोटा देशभर में शिक्षा नगरी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, जहां लाखों विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करने के लिए आते हैं। ऐसे में प्रस्तावित संविधान पार्क विद्यार्थियों के लिए एक जीवंत पाठशाला का कार्य करेगा, जहां वे केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर संविधान की मूल भावना को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।
संविधान की समझ बढ़ेगी
विधायक कल्पना देवी ने कहा कि बाबा साहब द्वारा दिया गया “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का संदेश आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। अम्बेडकरजी की जयंती पर संविधान पार्क का निर्माण एक ऐतिहासिक पहल है, जो विद्यार्थियों के साथ सभी क्षेत्रवासियों के लिए सीखने और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। संविधान हर नागरिक को अधिकार देने के साथ देश के प्रति समर्पण भाव की प्रेरणा भी देता है, इसलिए हमें अपने बच्चों को संविधान के मूल्यों और आदर्शों से परिचित कराना चाहिए। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो हमें न्याय, समानता और बंधुता का मार्ग दिखाता है।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक चन्द्रकांता मेघवाल, पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, प्रेदश प्रवक्ता पंकज मेहता, जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा नेता गोविंद शर्मा, निवर्तमान महापौर राजीव अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुनिता व्यास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।

