हाड़ौती में कृषि आधारित सबसे सशक्त आर्थिक तंत्र विकसित करेंगे: बिरला

0
128

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हाड़ौती कृषि प्रधान क्षेत्र है। इस कृषि को हम अपनी ताकत बनाते हुए हाड़ौती में सबसे सशक्त आर्थिक तंत्र विकसित करेंगे। इसके लिए जनवरी में देश भर कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य कर रहे स्टार्टअप्स को कोटा बुलाया जाएगा। वे शनिवार को सांगोद के कनवास क्षेत्र में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मेला ग्राउण्ड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि हम हाड़ौती के किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक, रिसर्च और इनोवेशन्स से जोड़ना चाहते हैं। हमारा प्रयासा होगा कि स्टार्टअप्स जिस तकनीक को बताएं उसे पहले यहां के प्रगतिशील किसान अपना कर देखें। जब उनके सकारात्क परिणाम सामने आएंगे तो उसे देख अन्य किसान भी उन्हें अपनाने को प्रेरित होंगे।

बिरला ने कहा कि हमारे किसानों के सामने अनेक बुनियादी समस्याएं हैं। उन्हें कृषि कनेक्शन मिलने में देरी होती है। कनेक्शन मिल जाए तो बिजली नहीं मिलती। इसका सीधा असर किसान की आय पर होता है। किसानों को समृद्ध बनाना है तो यह आवश्यक है कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में बिजली मिले।

उन्होंने किसानों का आव्हान किया कि वे फसल उगाने के साथ उसके वैल्यू एडड उत्पाद बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ें। वैल्यू एडिशन से न सिर्फ कीमत अधिक मिलती है बल्कि किसान के उत्पाद की मांग में भी बढ़ोतरी होती है। यदि किसान इसके लिए आगे आना चाहते हैं तो वे मदद करने को तैयार हैं।

नहीं रुकेगा दिल्ली में कोई काम: स्पीकर बिरला ने कहा कि संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी सहित पूरे राजस्थान से जुड़ा कोई भी प्रस्ताव राज्य सरकार यदि केंद्र को भेजती है और उसका सकारात्मक समाधान संभव है, तो वह काम रूकने नहीं देंगे। दिल्ली में किसी भी काम के लिए कोई परेशानी नहीं आने देंगे।

विद्यालयों के लिए बनाएं कार्ययोजना:स्पीकर बिरला ने क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि वे स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करें। विद्यालयों में जो कमियां हैं उन्हें चिन्हित कर हमें बताएं, उनको निश्चित रूप से दूर करवाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र का कोई प्रतिभावान विद्यार्थी किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहता है तो उसकी भी सहायता की जाएगी।

संवेदना से कार्य करें सामाजिक कार्यकर्ता: बिरला ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में काम कर रहे व्यक्ति में संवेदना होना जरूरी है। वे दूसरों के सुख-दुख में साथी बने, उनके अभाव और पीड़ाओं को दूर करे, तब ही वे उनके परिवार का सदस्य बन पाता है। हमें अपने सार्वजनिक जीवन में यही आचरण अपनाना है।

बिरला के स्वागत में सजा कनवास
स्पीकर बिरला के स्वागत के लिए कनवास के मुख्य बाजार को फूलों से सजाया गया। उनके स्वागत में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा भी की। कार्यक्रम के दौरान भी कनवास व्यापार संघ, लक्ष्मी ग्राम सहकारी समिति, प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुंआ के नेतृत्व में पंचायत समिति सांगोद और प्रधान कृष्णा शर्मा के नेतृत्व में पंचायत समिति सुल्तानपुर, नगर पालिका सांगोद के पार्षदों, पूर्व मंडल अध्यक्ष कौशल सोनी के नेतृत्व में भाजपा कनवास मंडल, मंडल अध्यक्ष विष्णु मालव के नेतृत्व में देवली मंडल, मंडल अध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में दीगोद मंडल, मंडल अध्यक्ष भीमराज मीणा के नेतृत्व में सीमलिया मंडल, मंडल अध्यक्ष कृष्णमुरारी यादव के नेतृत्व में बपावर मंडल, मंडल अध्यक्ष कालूलाल मीणा के नेतृत्व में सांगोद देहात मंडल तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र शर्मा के नेेतृत्व में सांगोद नगर मंडल, पेशनर्स समाज, गुर्जर समाज, अध्यक्ष धनराज मीणा के नेतृत्व में एसटी मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों द्वारा बिरला का स्वागत किया गया।

दो दर्जन गांवों में भी रामा-श्यामी
कनवास जाते और वहां से लौटते समय भी स्पीकर बिरला ने दो दर्जन गांवों में रामश्यामी की। कोटा से जाते हुए वे धाकड़खेड़ी, खेड़ा रसूलपुर, कैथून, गंदीफली, गलाना चौराहा, बालापुरा, झौपड़ियां, कुराड़, खजूरी, देवली, पीसाहेड़ा, आवां, दूधियाखेड़ी माताजी, माधोपुर तथा आवां में लोगों से मिले। लौटते समय स्पीकर बिरला ने जागलहेड़ी, खजूरना, बनियानी, दीपपुरा, दीपपुरा मोड़ और अरण्डखेड़ा में रामा-श्यामी की।