स्वर संधि अंताक्षरी में जैन प्रतिभाओं का संगम, अति वीर ग्रुप रहा विजेता

0
2

कोटा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन द्वारा आयोजित ‘स्वर संधि अंताक्षरी’ कार्यक्रम जैन जन उपयोगी भवन में उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच संपन्न हुआ। कोटा, बारां, झालावाड़ एवं खानपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आई आठ टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

रीजन अध्यक्ष अनिल ठौरा ने बताया कि प्रतियोगिता में अति वीर ग्रुप के निकुंज जैन ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्धमान ग्रुप के जय एवं वीणा बगड़िया द्वितीय स्थान पर रहे। विजेताओं को पुरस्कार संजय जैन एवं रितु जैन निर्माण द्वारा प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झाझरी ने कहा कि संगठन द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों और सामाजिक गतिविधियों के सकारात्मक एवं सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास और सेवा के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

इस अवसर पर फेडरेशन के वरिष्ठ पदाधिकारी अमित कासलीवाल ने कहा कि समाज संस्थापक अध्यक्ष प्रदीप कासलीवाल का ऋणी है, जिन्होंने देशभर में जैन समाज को संगठित कर उसे नई मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा समाज में अनेक प्रतिभाएं मौजूद हैं, लेकिन परिचय के अभाव में उनकी क्षमताओं का समुचित उपयोग नहीं हो पाता।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रवीण जैन एवं निधि जैन द्वारा मंडप उद्घाटन से हुआ। दीप प्रज्वलन अनुभव ग्रुप के अध्यक्ष अशोक जैन, विमल जैन एवं जे.के. जैन द्वारा किया गया। मंगलाचरण श्वेता जैन, सुनीता ठौरा एवं सोनीशा पांडे ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चेतन एवं शीला रामगढ़ वाले उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन एवं संयोजन नीता धवल जैन एवं नवीन जैन (उज्जैन) ने अत्यंत रोचक एवं प्रभावी शैली में किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन, राष्ट्रीय निवृत्तमान अध्यक्ष राकेश विनायका एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष हंसमुख जैन गांधी ने भी संबोधित करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला।

रिजन अध्यक्ष अनिल ठौरा ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि फेडरेशन द्वारा 5 जून से 5 जुलाई तक द्वितीय वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगभग ढाई हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी सदस्यों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

समारोह में अतिथियों का स्वागत राकेश पाटोदी, जे.के. जैन, हेमंत पाटनी, मनोज पाटनी, पवन सोगानी, ललित जैन, शिखरचंद जैन, महावीर शाह, मुकेश खटोड़, मनोज जैन, नवीन जैन, सुरेश हरसोरा, अरविंद बगड़िया एवं नवीन सेठिया द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सोनीशा पांडे एवं श्वेता सेठिया ने किया, जबकि अंत में सचिव पीयूष जैन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।