सेंसेक्स 609 अंकों की बढ़त के साथ रिकॉर्ड स्तर 52,154 पर बंद

0
534

मुंबई। शेयर बाजार में सोमवार को अच्छे घरेलू संकेतों के चलते रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। BSE सेंसेक्स 609 अंकों की बढ़त के साथ 52,154.13 पर बंद हुआ है। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 52,235.97 को भी छुआ। इसी तरह निफ्टी भी पहली बार 15,340.15 स्तर को पार किया। अंत में इंडेक्स 151.40 अंक ऊपर 15,314.70 पर बंद हुआ है।

आज बाजार की बढ़त में सबसे आगे बैंकिंग शेयर रहे। निफ्टी बैंक इंडेक्स 1,197 अंक चढ़कर 37,306.25 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। इसमें प्राइवेट सेक्टर के बैंकिंग शेयरों में ज्यादा खरीदारी हुई। एक्सिस बैंक के शेयर में सबसे ज्यादा 6.21% की बढ़त रही। इसी तरह रियल्टी शेयरों में भी अच्छी खरीदारी दर्ज की गई।

एक्सचेंज पर 43% शेयरों में बढ़त
एक्सचेंज पर 3,191 शेयरों में कारोबार हो रहा है। इसमें 1,365 शेयरों में बढ़त और 1,664 शेयरों में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी 205.21 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह 12 फरवरी को 203.92 लाख करोड़ रुपए रहा था।

मजबूत घरेलू संकेत: जनवरी में रिटेल महंगाई दर मापने वाला कंज्युमर प्राइस इंडेक्स (CPI) 4.06% रहा, जो दिसंबर में 4.59% रहा था। इसकी मुख्य प्रमुख वजह सब्जी सहित खाने-पीने की कीमत में कमी रही। सालाना आधार पर जनवरी में सब्जियों के दाम 15.84% कम हुए। नेशनल स्टैटेस्टिकल ऑफिस (NSO) के मुताबिक दिसंबर में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन इंडेक्स (IIP) भी 1% बढ़कर 135.9 रही। इसके अलावा जनवरी में GST कलेक्शन भी रिकॉर्ड 1.20 लाख करोड़ रुपए रहा।

अच्छे तिमाही नतीजे: निफ्टी इंडेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियों ने दिसंबर तिमाही के अच्छे नतीजे पेश किए हैं। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक और ICICI बैंक सहित प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों को फेस्टिव सीजन का भी सपोर्ट मिला। इसके अलावा कोरोना संक्रमितों के मामले भी लगातार घट रहे हैं। देश में वैक्सीनेशन दूसरा चरण भी शुरु हो गया है।

एशियाई बाजार में मजबूत बढ़त
दुनियाभर में आर्थिक रिकवरी और कोरोना वैक्सीन की पहुंच से शेयर बाजार में अच्छी बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 349 अंक यानी 1.18% ऊपर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स में 1-1% की बढ़त है। वहीं, निवेशकों ने शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में एनर्जी, फाइनेंशियल और मैटेरियल शेयर खरीदे और बड़े टेक्नोलॉजी शेयर बेचे थे। इसके चलते S&P 500 और नैस्डैक इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए थे।