संसद भवन की सुरक्षा में चूक; दो युवक स्मोक बम लेकर दर्शक दीर्घा में कूदे, सदन स्थगित

67

नई दिल्ली। Lok Sabha Security Breach: देश के सबसे अधिक सुरक्षित माने जाने वाले संसद भवन में बुधवार को संसद पर हमले की बरसी के दिन ही वहां सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो शख्स नीचे कूद गए। सांसदों ने दोनों शख्स को घेर लिया। लोकसभा की सुरक्षा में लगे मार्शल भी तुरंत दौड़कर आए और दोनों को पकड़ लिया।

इससे कुछ देर पहले दो लोग संसद के बाहर प्रदर्शन करते दिखे। इनमें से एक महिला भी थी। इनके हाथ में कलर गैस था। दोनों ने बाहर इसका छिड़काव किया। दोनों आरोपी एक बेंच से दूसरे बेंच पर कूद रहे थे। भागते हुए एक शख्स ने जूते से स्प्रे निकाला। स्प्रे से पीला धुआं निकलने लगा। दोनों युवकों के हाथ में टियर गैस कनस्तर था। यह बात भी सामने आ रही है कि चारों एक-दूसरे को जानते थे।

यह घटना बुधवार दोपहर एक बजकर एक मिनट पर हुई। लोकसभा में पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल शून्य काल की कार्यवाही को संचालित कर रहे थे। मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे। तभी दो शख्स दर्शक दीर्घा से नीचे कूद गए। 

नीले रंग की जैकेट पहना एक युवक शख्स सांसदों की सीट पर कूदने लगा। वह लगभग तीन कतार लांघकर आसन की तरफ जाने लगा। अफरा-तफरी के माहौल के बीच कुछ सांसदों ने हिम्मत दिखाकर उसे घेर लिया। मार्शल भी दौड़कर आ गए। तभी उस युवक ने जूते के अंदर से कुछ पदार्थ निकाला। इसके बाद वहां पीले रंग का धुआं उठने लगा। बाद में सांसदों और मार्शलों ने मिलकर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने कार्यवाही स्थगित कर दी। (देखिये वीडियो)

कसभा की विजिटर गैलरी से एक अज्ञात व्यक्ति कूद गया जिसके बाद सदन में हंगामा हुआ और सदन को स्थगित कर दिया गया।

इससे पहले 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हुए हमले की बरसी मनाई गई। इस अवसर पर आज सुबह संसद परिसर में पीएम मोदी, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, समेत कई सांसदों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बीजेपी सांसद सिम्हा के रेफरेंस के जरिए घुसे थे आरोपी
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों शख्स बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के रेफरेंस के जरिए संसद में घुसे थे। प्रताप सिम्हा कर्नाटक से बीजेपी के सांसद हैं। वहीं, आरोपियों का नाम सागर शर्मा और मनोरंजन बताया जा रहा है। संसद भवन के दर्शक दीर्घा से कूदने वाला सागर शर्मा लखनऊ और मनोरंजन मैसूर का रहने वाला है। चारों के मोबाइल का काल डिटेल निकाल सभी एजेंसियां इनके नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

स्पीकर ने अगले आदेश तक पास बनाने पर लगाई रोक
संसद में सुरक्षा में चूक की जांच शुरू हो चुकी है। वहीं, स्पीकर ने अगले आदेश तक पास बनाने पर रोक लगा दी है।