कोटा। चेतक पार्क स्थित जैन मंदिर के पास शॉपिंग सेंटर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना हुआ है। कथा के दौरान गुरुवार को कथावाचक देवीराम बृजवासी ने शुक्रदेवजी के प्राकट्य एवं वामन अवतार के प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया।
उन्होंने भागवत महात्म्य की व्याख्या करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा दिखाने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है। इसके श्रवण से मनुष्य के अंतर्मन में भक्ति, सद्भाव और वैराग्य का भाव जागृत होता है।कथावाचक ने शुकदेवजी के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि शुकदेवजी ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत का ज्ञान प्रदान कर भक्ति और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त किया।
राजा परीक्षित को जब अपने जीवन के अंतिम सात दिनों का ज्ञान हुआ, तब उन्होंने सांसारिक मोह-माया त्यागकर भगवान की कथा सुनने का संकल्प लिया। शुकदेवजी ने उन्हें भागवत का उपदेश देकर समझाया कि मनुष्य का जीवन तभी सार्थक है, जब वह परमात्मा के स्मरण और सत्कर्मों में लगाए।
वामन अवतार का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु ने धर्म और सत्य की स्थापना के लिए वामन ब्राह्मण का रूप धारण किया। राजा बलि के यज्ञ में पहुंचकर भगवान ने उनसे तीन पग भूमि का दान मांगा।
राजा बलि ने संकल्पपूर्वक दान देने की स्वीकृति दी। इसके बाद भगवान ने विराट स्वरूप धारण कर दो पग में समस्त लोकों को नाप लिया और तीसरा पग रखने के लिए राजा बलि ने अपना शीश समर्पित कर दिया।
कथावाचक ने कहा कि राजा बलि का प्रसंग हमें दान, वचनबद्धता, समर्पण और अहंकार त्याग की प्रेरणा देता है। भगवान अपने भक्तों की परीक्षा अवश्य लेते हैं, लेकिन सच्चे समर्पण से प्रसन्न होकर उन्हें अपनी कृपा प्रदान करते हैं।
उन्होंने भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मनुष्य को प्रेम, करुणा, धर्म और निष्काम कर्म का संदेश देती हैं। कथा श्रवण तभी सार्थक होता है, जब उसके उपदेशों को जीवन में आत्मसात किया जाए। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच कथा का आनंद लिया।
कथा के आगामी प्रसंगों में 20 नवंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, नंद महोत्सव एवं बाल लीलाओं का वर्णन होगा। 21 नवंबर को बाल लीलाओं से गोवर्धन पूजा तक के प्रसंग सुनाए जाएंगे। 22 नवंबर को महारास से रुक्मिणी मंगल, 23 नवंबर को सुदामा चरित्र एवं उद्धव प्रसंग का वर्णन होगा। 24 नवंबर को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव का समापन होगा।

