शिक्षा सहकारी देगी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि

44

25 करोड़ से अधिक के बांटे ऋण, संस्था होगी ऑन लाइन

कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 का 1 वर्ष पूर्ण होने पर अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने सभा की आगामी योजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए 1 वर्ष में किए गए विभिन्न कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 कोटा, बारां जिले के शिक्षा विभाग के शिक्षकों, अधिकारियों एवम् कर्मचारियों की संस्था है. जिससे तकरीबन 7 हजार सदस्य जुड़े हुए हैं।

प्रकाश जायसवाल ने बताया कि आगामी वित्त वर्ष में सदस्यों के पुत्र पुत्री विद्यार्थियों के आइएएस प्री परीक्षा में चयनित होने पर 31 हजार तथा आरएएस प्री परीक्षा में चयनित होने पर 21 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं खेलकूद, स्काउट गाइड एवम् एनसीसी में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित होने पर पुरस्कृत किया जाएगा।

प्रकाश जायसवाल ने बताया कि सहकारी सभा 696 की नई कार्यकारिणी के द्वारा पिछले 1 वर्ष में 20 करोड़ 96 लाख के सामान्य ऋण, 4 करोड़ 58 लाख के आपातकालीन ऋण तथा 60 लाख 54 हजार के वाहन ऋण वितरित किए गए हैं। साथ ही, ऋण सीमा को बढ़ाकर सामान्य श्रेणी में 2.5 लाख से 3 लाख, आपातकालीन श्रेणी में 1.5 लाख से 2 लाख तथा वाहन ऋण 1 लाख से डेढ़ लाख कर दिया है।

जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2022 – 23 का लाभांश वितरण होली के पूर्व प्रारंभ कर दिया जायेगा । साथ ही सदस्यों के लाभांश में वृद्धि के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए है। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में जल्दी ही संस्था का भवन बनाया जायेगा तथा संस्था को भी ऑन लाइन करवाया जायेगा।

उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने बताया कि सभा का कार्यभार संभालते समय 1384 डिफॉल्टर्स पर 16 करोड़ से अधिक की राशि का ऋण बकाया था। जो अब घटकर 6 करोड़ पर आ गया है। शेष डिफाल्टर्स पर वसूली हेतु कानूनी कार्यवाही करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। इस 1 वर्ष में पिछले वर्षों से बन्द की गई सभा की सदस्यता को फिर से शुरू करके 632 नए सदस्य बनाए गए हैं।

संस्था को लूटने वालों से होगी वसूली
संस्था के मंत्री जमना लाल गुर्जर कहा कि संस्था में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। पूर्व में जिन्होंने भी संस्था को किसी प्रकार से आर्थिक क्षति पहुंचाई है। उनसे वसूली की कार्यवाही की जा रही है। फर्जी तरीके से चुनाव लड़ने वालों को अयोग्य कराया गया है। संस्था में अब सदस्यों के हित में अवकाश को समाप्त कर दिया गया है , जिससे संस्था के सदस्य सातों दिन कार्य समय में अपनी समस्या को लेकर आ सकते हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल, उपाध्यक्ष महेंद्र नागर, मंत्री जमना लाल गुर्जर, संचालक कमल कुमार शर्मा, धर्मेंद्र कुमार मेघवाल , दिनेश कुमार मीणा, रवि कुमार गौत्तम एवम गायत्री मीणा मौजूद थी।