पोस्टर विमोचन होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने किया
कोटा। Hospitality Job Fair: होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन, पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 26 सितंबर को होने वाले कोटा के प्रथम हॉस्पिटैलिटी जॉब फेयर के पोस्टर का विमोचन किया गया।
एलबीएस ग्रुप के चेयरमैन कुलदीप माथुर एवं प्राचार्य आयुष टहलयानी ने बताया कि इसके पोस्टर का विमोचन होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि कोटा में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना भी समय की आवश्यकता है। यह जॉब फेयर कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
उन्होंने कहा कि हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के विकास से कोटा को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है। हाड़ोती में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए आने वाले समय में इस क्षेत्र में रोजगार की बहुत संभावनाएं बढ़ेगी।
हमारे द्वारा पर्यटन दिवस के अवसर पर्यटन विभाग के साथ स्वच्छता अभियान बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आतिथ्य सत्कार जैसे कई तरह का आयोजन किए जाते हैं।
माहेश्वरी ने कहा कि पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए युवाओं को होटल मेनेजमेन्ट का प्रशिक्षण लेना चाहिए। विश्व भर में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर तेजी से आगे बढ रहा है।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है की कोटा में भी इंडियन होटल मैनेजमेंट कॉलेज शुरू हो। हाड़ोती मे पर्यटन सेक्टर आने वाले समय में नई ऊंचाईयां प्रदान करेगा। जिसके तहत होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं को स्थानीय क्षेत्र में रोजगार मिल सकेगा।
होटल फेडरेशन सबसे पहले हमारे क्षेत्र के प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार देगा। इस क्षेत्र में प्रशिक्षण के कई क्षेत्र जैसे कुकिंग, शैफ सर्विस ,ब्वॉय मैनेजर, हाउस कीपिंग जैसे सेक्टर में युवाओं को प्रशिक्षण लेना चाहिए ।
पर्यटन विभाग, कोटा के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय आयोजन के तहत आयोजित होने वाला यह जॉब फेयर पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों एवं इस क्षेत्र से जुड़े युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि जॉब फेयर में भाग लेने वाले होटल एवं हॉस्पिटैलिटी संस्थानों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का सीधा इंटरव्यू एवं चयन किया जाएगा तथा चयनित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा भी विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन के क्षेत्र में और कई आयोजन आयोजित किए जाएंगे जिनको शीघ्र अंतिम रूप दे दिया जाएगा .
एलबीएस ग्रुप के चेयरमैन कुलदीप माथुर ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं पर्यटन विभाग द्वारा एलबीएस होटल मैनेजमेंट कॉलेज के सहयोग से हॉस्पिटैलिटी जॉब फेयर में देश के विभिन्न स्थानों से लगभग 30 प्रमुख होटल एवं होटल ग्रुप भाग लें रहे हैं। इसमें होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के साथ-साथ हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
एलबीएस कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट के प्राचार्य आयुष टहलयानी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर कोटा में पहली बार इस स्तर का हॉस्पिटैलिटी जॉब फेयर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों को कोटा से जोड़ना तथा होटल मैनेजमेंट एवं पर्यटन क्षेत्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सीधे रोजगार दाताओं से जोड़ना है।

