27 सितंबर को निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर से होगा कार्यक्रमों का शुभारंभ
कोटा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, कोटा संभाग एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष भी विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जयंती समारोह का शुभारंभ 27 सितंबर को विशाल निःशुल्क नेत्र परामर्श एवं चिकित्सा शिविर से होगा।
संभागीय महामंत्री संजय गोयल ने बताया कि 27 सितंबर को टीलेशवर महादेव मंदिर, टीलेशवर चौराहा पर प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें कोटा के प्रसिद्ध चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
जयंती समारोह के अंतर्गत 4 अक्टूबर को नयापुरा अग्रसेन चौराहे पर महाराजा अग्रसेन जी का 101 किलो दूध से अभिषेक एवं श्राद्ध शनि अमावस्या पर नयापुरा अग्रसेन चौराहे पर विशाल आम भंडारा एवं प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
इसके पश्चात महाराजा अग्रसेन जी की चांदी की पालकी में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो गीता भवन से रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नयापुरा स्टेडियम पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ शोभायात्रा का समापन होगा।
इसके अलावा एमबीएस एवं जेके लोन अस्पताल में मरीजों को फल एवं खाद्य सामग्री का वितरण, महिला मंडल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अग्रवाल समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि जयंती के अवसर पर समाजसेवा, धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता संभागीय अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल ने की। बैठक में संभागीय उपाध्यक्ष डॉ.राहुल मित्तल, प्रमोद अग्रवाल, गजानंद सिंघल, मनोज गोयल, विशाल अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, कमला मित्तल, रूपा अग्रवाल, भावना अग्रवाल, अनीता गुप्ता, किरण अग्रवाल, संभागीय महिला अध्यक्ष किरण गोयल, संभागीय महामंत्री किरण गोयल सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

