नई दिल्ली। चालू सीजन के दौरान देश में कलौंजी का रिकॉर्ड उत्पादन होने के कारण विगत कुछ समय से कलौंजी के दामों में मन्दा चल रहा है मगर अब मंदे के आसार नहीं है। सूत्रों का कहना है कि अधिक पैदावार का बाजार में मंदा आ चुका है और भाव न्यूनतम स्तर पर बोले जाने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि गत सीजन में उत्पादकों को उचित मूल्य मिलने के कारण प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में कलौंजी की बिजाई लगभग ढाई गुणा अधिक क्षेत्रफल पर की गई जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में भी बिजाई गत वर्ष की तुलना में अधिक हुई थी।
उत्पादन: अधिक बिजाई एवं बिजाई के पश्चात अनुकूल मौसम के चलते इस वर्ष देश में कलौंजी का उत्पादन 6/6.25 लाख क्विंटल माना जा रहा है जबकि गत वर्ष उत्पादन 3/3.25 लाख क्विंटल का रहा था। वर्ष 2024 में उत्पादन 2.50/2.75 लाख क्विंटल एवं वर्ष 2023 में 3.50/3.75 लाख क्विंटल पैदावार के अनुमान लगाए गए थे। जानकार सूत्रों का कहना है कि चालू सीजन के दौरान गुजरात में कलौंजी का उत्पादन 4/4.25 लाख बोरी होने के समाचार है जबकि गत वर्ष उत्पादन 1.60/1.75 लाख बोरी का रहा था। इसके अलावा राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में उत्पादन लगभग 2 लाख बोरी होने के अनुमान है गत वर्ष उत्पादन 1 लाख बोरी के आसपास रहा था।
स्टॉक: गत वर्ष पैदावार में कमी आने के कारण चालू सीजन के दौरान नई फसल आने के समय उत्पादक केन्द्रों पर कलौंजी का स्टॉक 5/6 हजार बोरी का माना गया। जबकि वर्ष 2025 में स्टॉक 35/40 हजार बोरी एवं वर्ष 2024 में 1.25/1.50 लाख बोरी का माना गया था।
आवक: वर्तमान में उत्पादक राज्य गुजरात की गोंडल मंडी में नई कलौंजी की आवक 1800/2000 बोरी की चल रही है जबकि राजकोट में आवक 1400/1500 बोरी की हो रही है। मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में भी आवक 800/900 बोरी की चल रही है। सूत्रों का कहना है कि आगामी दिनों में मंडियों में आवक घटनी शुरू हो जाएगी। क्योंकि भाव काफी घट जाने के कारण किसानों ने माल रोकना शुरू कर दिया है। जिस कारण वर्तमान भावों में सुधार हो सकता है लेकिन अधिक तेजी के आसार नहीं है।
पूर्वानुमान: जानकारों का मानना है कि भाव न्यूतनम स्तर पर आ जाने के कारण कलौंजी के वर्तमान भावों में अब मन्दा संभव नहीं है। उल्लेखनीय है कि LENDEN NEWS ने अपने 5 फरवरी के अंक में लिखा भी था कि चालू सीजन के दौरान रिकॉर्ड उत्पादन के कारण अप्रैल माह में कलौंजी के भाव 200/210 रुपए बन जाने चाहिए उस समय मंडियों में कलौंजी के भाव 250/260 रुपए प्रति किलो चल रहे थे। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर कलौंजी के भाव 170/180 रुपए प्रति किलो के स्तर पर आ गए हैं जबकि दिल्ली में भाव 200/210 रुपए बोले जा रहे है।

