कोटा। Thalassemia Free Kota: अंतर्राष्ट्रीय थैलेसीमिया दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम किशोर सागर तालाब की पाल मानो संवेदनाओं, उम्मीदों और मानवता के रंग में रंग गई। लाल परिधानों में सजे थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मासूम मुस्कान और हाथों में थामे लाल गुब्बारों ने हर राहगीर को यह संदेश दिया कि “रक्तदान केवल दान नहीं, किसी जीवन की धड़कन है।”
कोटा ब्लड बैंक सोसायटी, इनरव्हील क्लब कोटा एवं थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित थैलेसीमिया एवं रक्तदान जनजागृति संगोष्ठी में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की थीम लाल रंग रखी गई, जो रक्तदान, जीवन और उम्मीद का प्रतीक बना। बच्चों ने राहगीरों को लाल गुब्बारे भेंट कर रक्त के महत्व और थैलेसीमिया के प्रति जागरूक किया तो कई लोग भावुक हो उठे।
कोटा ब्लड बैंक सोसायटी के सचिव राजकुमार जैन ने कहा कि वर्ष 2031 तक कोटा को थैलेसीमिया मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य लेकर संस्था लगातार जनजागृति अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता और नियमित रक्तदान से ही इस गंभीर बीमारी से जंग जीती जा सकती है।
इनरव्हील क्लब कोटा की अध्यक्ष चारू जैन ने कहा कि क्लब केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि पांच थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को गोद लेकर उनके रक्त चढ़ाने सहित आवश्यक सहयोग की जिम्मेदारी भी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की मुस्कान ही संस्था की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
पूर्व पार्षद सलीना शैरी ने कहा कि लोगों को थैलेसीमिया जांच (HbA2) और नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस बीमारी से सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के संरक्षक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि थैलेसीमिया मुक्त कोटा ही नहीं, बल्कि थैलेसीमिया मुक्त भारत को भी जनहित कार्यक्रमों में शामिल कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बच्चों के लिए आयरन चिलैशन की उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं शीघ्र उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सुनील जैन ने बताया कि कोटा ब्लड बैंक पिछले 25 वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध करवा रहा है और यह सेवा आज भी निरंतर जारी है। वहीं सोसायटी के सचिव विजय मित्तल ने जानकारी दी कि अंतर्राष्ट्रीय थैलेसीमिया दिवस पर गुरुवार को कोटा ब्लड बैंक में बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
कार्यक्रम में डॉ. अविनाश बंसल, डॉ. सीबी दास गुप्ता, डॉ. नीता जैन, डॉ. प्रीति गौत्तम, अल्का शर्मा, अमरजीत अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं नागरिक मौजूद रहे।

