राजस्थान समेत तीन राज्यों में कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों की ताजपोशी आज

1133

नई दिल्ली।  तीन बड़े राज्य राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में उसके मुख्यमंत्री सोमवार को शपथ लेंगे। जयपुर में अशोक गहलोत के शपथ ग्रहण में राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा,शरद यादव, शरद पवार, फारूक अब्दुल्ला, चन्द्रबाबू नायडू, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, तेजस्वी यादव, डीएमके नेता एमके स्टालिन और कनिमोरी, बाबूलाल मरांडी एवं हेमंत सोरेन और उपेन्द्र कुशवाह आदि शामिल होंगे। 

सुबह 10:30 बजे
गहलोत और सचिन पायलट आज संभालेंगे सत्ता

जयपुर में कांग्रेस के मेगा शो के लिए मंच तैयार हो चुका है। अशोक गहलोत बतौर राजस्थान के मुख्यमंत्री और सचिन पायलट उप मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह अल्बर्ट हॉल में आयोजित किया गया है।

राहुल, मनमोहन और पवार सहित कई नेता शामिल होंगे
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह समारोह में मौजूद रहेंगे। पार्टी के अन्य नेताओं के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और केबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिध्दू भी पहुंचेगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह के बाद कांग्रेस के किसी मंच पर दूसरी बार मोदी विरोधी खेमे के नेता एकजुट होंगे।

दोपहर 01:30 बजे
कमलनाथ आज संभालेंगे मप्र की बागडोर

मध्य प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में कमलनाथ आज जंबूरी मैदान में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कई औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है, जिनके नाम अभी नहीं बताए गए है।मप्र में 15 साल बाद कांग्रेस सत्ता में लौट रही है। राज्यपाल आनंदीबन पटेल कमलनाथ को मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। मंच से राज्यपाल के रवाना होने के बाद राहुल गांधी व कमलनाथ का संबोधन होगा।

शाम 04:30 बजे
छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के सिर सजेगा ताज

मध्यप्रदेश मे कमलनाथ को शपथ ग्रहण कराने के बाद छत्तीसगढ़ के भी राज्यपाल का कार्यभार संभाल रही आनंदी बेन पटेल राज्य के भावी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को शपथ दलाने के लिए रायपुर पहुंचेगी । शपथ ग्रहण समारोह रायपुर के साइंस कालेज मैदान में आयोजित किया गया है। इसमें संप्रग चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ व राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के मौजूद रहने की संभावना है।