राजस्थान के विश्वविद्यालयों को स्मार्ट बनाने के लिए आज होगी वार्ता

997

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल और कुलाधिपति कलराज मिश्र सोमवार को राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों को स्मार्ट बनाने के बारे में चर्चा करेंगे। कलराज मिश्र ने इस के लिए 16 बिन्दु तैयार किए हैं। सोमवार को कुलपति समन्वय समिति की बैठक में इन बिन्दुओं पर चर्चा कर कुलपतियों को यह काम सौंपा जाएगा।

राज्यपाल होने के नाते कलराज मिश्र राजस्थान के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं। इस नाते सभी विश्वविद्यालयों पर उनका नियंत्रण रहता है। विश्वविद्यालयों में चलने वाली गतिविधियों पर राज्यपाल कुलपति समन्वय समिति के माध्यम से निगरानी रखते है। कलराज मिश्र की नियुक्ति के बाद कुलपति समन्वय समिति की सोमवार को पहली बैठक होने वाली है।

16 बिन्दुओं पर होगी चर्चा
इस बैठक में मुख्य तौर पर विश्वविद्यालयों को स्मार्ट बनाने के लिए तय किए गए 16 बिन्दुओं पर चर्चा होगी। इनमें विश्वविद्यालयों को गैर परम्परागत ऊर्जा स्रोतों का अधिकतम उपयोग, हरा-भरा प्लास्टिक मुक्त परिसर, स्मार्ट क्लासरूम, विश्वविद्यालय परिसर में सी.सी.टी.वी. कैमरों की स्थापना पर चर्चा होगी।

इसके अलावा निःशुल्क वाई-फाई एनेबल्ड कैम्पस, कचरा संग्रहण व निस्तारण व्यवस्था, जल संग्रहण एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, ई-लाइब्रेरी, साहित्यक चोरी को रोकने बावत एन्टी प्लेजिरियम साॅफ्टवेयर की स्थापना, दिव्यांगजन के लिए उचित व्यवस्थाएं, स्मार्ट सांइस लैब, डिजिटल प्रशासनिक प्रक्रियाएं, Online सम्बद्वता, एकीकृत विद्यार्थी पहचान पत्र व्यवस्था, विश्वविद्यालय शिकायत निवारण पोर्टल और राज्य सरकार के एकीकृत हायर एज्यूकेशन पोर्टल से लिंक किया जाना शामिल है।

ये विषय भी शामिल
इसके अलावा विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक व अशैक्षणिक संवर्ग के रिक्त पदों की स्थिति व भर्ती की कार्य योजना, वित्तीय स्थिति की समीक्षा व सुधार के उपाय, विश्वविद्यालयों के अधिनियमों में एकरूपता के लिए अम्ब्रेला एक्ट की आवश्यकता, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने के लिए उपाय जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। बैठक में कुलपतियों के अलावा सरकार के मंत्री और अधिकारी भी शामिल होंगे।