विश्व मधुमेह दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता कार्यक्रम और पोस्टर विमोचन
कोटा। विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल एवं सुवि नेत्र चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ यानी मधुमेह पर समय रहते कदम उठाने के संदेश के साथ अतिथियों ने विश्व मधुमेह दिवस जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।
कार्यक्रम में सीआईएसएफ कोटा के उप कमांडेंट टी. हाओकिप, आईएमए कोटा अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. जी.डी. रामचंदानी मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता रहे। सुवि नेत्र चिकित्सालय के वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेश पाण्डेय, डॉ. विदुषी शर्मा, डॉ. एस.के. गुप्ता, डॉ. निपुण बागरेचा तथा रेटिना विशेषज्ञ डॉ. सायली (मुंबई) एवं डॉ. प्रियंका शरण (जोधपुर) ने बताया कि मधुमेह में अंधेपन का खतरा 25 गुना अधिक, समय पर जांच और उचित उपचार रोशनी से बच सकती है ।
कार्यक्रम में बताया गया कि विश्व मधुमेह दिवस (14 नवम्बर 2026) की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ (डायबिटीज की समय पर पहचान और तुरंत उपचार) है । आज भारत में दस करोड़ दस लाख से अधिक लोग पूर्ण रूप से डायबिटीज की गिरफ्त में हैं, जबकि इससे भी अधिक डरावना सच यह है कि लगभग तेरह करोड़ साठ लाख भारतीय ‘प्री-डायबिटीज’ की दहलीज पर खड़े हैं। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि शीघ्र पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से दृष्टि हानि का जोखिम काफी घटाया जा सकता है।
श्री टी. हाओकिप एवं डॉ. दीपक गुप्ता ने तनाव प्रबंधन, पर्याप्त नींद और नियमित दिनचर्या पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव और अनियमित जीवनशैली शुगर नियंत्रण को प्रभावित कर सकते हैं। डॉ. जी.डी. रामचंदानी ने शारीरिक निष्क्रियता, बढ़ते मोटापे, मीठे पेय और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के सेवन पर चिंता जताई। उन्होंने बच्चों और युवाओं में स्वस्थ भोजन तथा नियमित शारीरिक गतिविधि की आदत विकसित करने की अपील की।
सुवि नेत्र चिकित्सालय के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेश पाण्डेय ने बताया कि डायबिटिक रेटिनोपैथी (मधुमेह जनित रेटिना रोग) शुरुआती अवस्था में बिना लक्षणों के बढ़ सकती है। साफ दिखाई देना स्वस्थ रेटिना की गारंटी नहीं है। टाइप-2 मधुमेह का पता चलते ही पुतली फैलाकर रेटिना की विस्तृत जांच करानी चाहिए।
डॉ. विदुषी शर्मा ने कहा कि जिम्मेदारियों के बीच आंखों की जांच टालना नुकसानदायक हो सकता है। रोशनी घटने का इंतजार नहीं करना चाहिए। परिवार के सदस्य मरीज को नियमित जांच, समय पर दवाइयां लेने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने में सहयोग दें। उन्होंने बुजुर्गों की नेत्र जांच में परिजनों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। डॉ. एस.के. गुप्ता ने बताया कि मधुमेह में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और रेटिना संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ता है।
केवल चश्मे का नंबर बदलवाना पर्याप्त नहीं; आंखों की संपूर्ण जांच और नियमित चिकित्सकीय देखरेख आवश्यक है। रेटिना विशेषज्ञ डॉ. निपुण बागरेचा ने समझाया कि बढ़ी हुई शुगर रेटिना की सूक्ष्म रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाती है। इससे सूजन, रक्तस्राव और गंभीर अवस्था में खिंचाव के कारण पर्दा अलग होने जैसी जटिलताएं हो सकती हैं। जरूरत के अनुसार आंख में विशेष इंजेक्शन, लेजर अथवा सर्जरी से उपचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि खोई हुई दृष्टि हमेशा पूरी तरह वापस नहीं आती, इसलिए उपचार में देरी नहीं करें।

