मथुराधीश कॉरिडोर के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: माहेश्वरी

0
22

अधिक मास में श्री मथुराधीश मंदिर में उमड़ रही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़

कोटा। पाटनपोल स्थित नंदग्राम में विराजित श्री मथुराधीशजी मंदिर में अधिक मास के अवसर पर हजारों श्रद्धालु दर्शन लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इस पावन अवसर पर मथुरेश मित्र मंडल द्वारा भजन संध्या एवं महारास का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष भक्तों ने भाग लेकर भक्ति रस का आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मथुराधीशजी मंदिर के गोस्वामी मिलन कुमार बाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह के विशिष्ट अतिथि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी थे।

नंदग्राम व्यापार समिति के अध्यक्ष उमाशंकर नामा ने कहा कि कोटा महोत्सव के दौरान मथुराधीश कॉरिडोर का शिलान्यास हो चुका है। उन्होंने कोटा व्यापार महासंघ से आग्रह किया कि कॉरिडोर निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं, जिससे यहां आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि अधिक मास के कारण देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। ऐसे में इस क्षेत्र का समुचित विकास आवश्यक है तथा कॉरिडोर बनने से धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि श्री मथुराधीशजी मंदिर पुष्टिमार्ग की प्रथम पीठ होने के कारण देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं।

केशोराय पाटन कॉरिडोर, इंदरगढ़ माताजी रोप-वे तथा झालावाड़ एवं बारां जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान द्वारा देशभर में हाड़ौती के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आने वाले समय में हाड़ौती धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

उन्होंने कहा कि उज्जैन, अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी जाने वाले गुजरात एवं मध्यप्रदेश के लाखों यात्री कोटा होकर गुजरते हैं। यदि समुचित प्रचार-प्रसार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो ये यात्री हाड़ौती के धार्मिक स्थलों के दर्शन भी कर सकेंगे।

क्षेत्र के व्यापारी ललित जैन ने बताया कि अधिक मास के दौरान प्रतिदिन अभूतपूर्व भीड़ उमड़ रही है। सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर दर्शन कर रहे हैं।

भगवान का मनोरथ अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे नंदग्राम क्षेत्र में मथुरा-वृंदावन जैसा आध्यात्मिक वातावरण दिखाई दे रहा है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु इस माहौल से अभिभूत होकर मंदिर दर्शन के साथ-साथ कोटा के अन्य पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अधिक मास में क्षेत्र के श्रद्धालुओं द्वारा शीतल जल, शरबत, छाछ एवं आमरस की स्टॉल लगाकर हजारों श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।

नंदग्राम व्यापार समिति के सचिव अनिल अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर गोस्वामी मिलन कुमार बाबा का 21 किलो की पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

साथ ही समारोह के विशिष्ट अतिथि अशोक माहेश्वरी, राजस्थान गौरव अवॉर्ड से सम्मानित प्रकल्प संयोजक पंडित अनिल औदिच्य, भजन गायिका हर्षिता सोनी तथा राजस्थान स्टेट बेंच प्रेस के गोल्ड मेडल विजेता गौरव सोनी (बाली) का दुपट्टा एवं भगवान श्रीनाथजी की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया गया।