भारत बचाओ दिवस के आव्हान पर बैंक कर्मियों ने किया बेज लगा कर काम

1006

कोटा। केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी श्रम नीतियों तथा जनविरोधी आर्थिक नीतियों के विरोध में केंद्रीय श्रम संगठनों तथा बैंक कर्मी संगठन एआईबीईए के भारत बचाओ आव्हान पर आज बैंककर्मियों ने अपनी शाखाओं में जनोन्मुखी आर्थिक नीतियां लागू करने, मजदूर विरोधी श्रम नीतियां बंद करने तथा सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण नही करने संबंधी मांगों के बेज लगा कर कार्य किया।

सुबह 11.30 बजे केंद्रीय श्रम संगठनों द्वारा जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन में एआईबीईए के जनरल कौंसिल सदस्य ललित गुप्ता राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लॉइज यूनियन जिलाध्यक्ष अशोक ढल, सचिव पदम पाटोदी सिंडिकेट बैंक एम्प्लॉइज यूनियन के महासचिव आर बी मालव तथा बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लाइज यूनियन के उपाध्यक्ष हेमराज सिंह गौड़ सम्मिलित हुए।

बैंक कर्मी नेताओं ने बताया कि देश का बुनियादी ढांचा खड़ा करने में सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख भूमिका है। बैंकों के राष्ट्रीयकरण के बाद देश की आर्थिक उन्नति में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का बड़ा योगदान है। उन्होंने बैंको के निजीकरण के विरोध में एआईबीईए के आव्हान पर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।