भारत का विदेशी मुद्रा भंडार फिर ऑल टाइम हाई पर, जानिए कितना हुआ

0
13

मुंबई। Forex Reserves: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार एक बार फिर से ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है। दरअसल, पिछले दिनों रिजर्व बैंक ने देश में विदेशी मुद्रा के प्रवाह को बढ़ाने के लिए Foreign currency non-resident bank (FCNR-B) योजना शुरू की थी।

इस योजना का बढ़िया रिस्पांस रहा। तभी तो बीते 21 अगस्त को समाप्त सप्ताह लगातार 8वां सप्ताह रहा जबकि अपने विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हुई। बीते सप्ताह भी भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $12.4 billion की बढ़ोतरी हुई।

भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 21 अगस्त 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $12.422 billion की भारी बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $9.905 billion की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर $729.328 billion का हो गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार $728.494 billion के ऑल टाइम हाई पर था। यह रिकॉर्ड अब टूट गया।

रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 21 अगस्त 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में भी $9.482 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $7.225 billion की बढ़ोतरी हुई थी।

अब अपना एफसीए भंडार बढ़ कर $591.333 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

गोल्ड रिजर्व भी बढ़ा

आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम में थोड़ी वृद्धि हुई है। इससे रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $2.801 billion की बढ़ोतरी हुई है। एक सप्ताह पहले भी इसमें $2.679 billion की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू बढ़ कर $114.218 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।

एसडीआर में वृद्धि

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) $112 million की वृद्धि हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $5 million की कमी हुई थी। अब अपना कुल एसडीआर भंडार बढ़ कर $18.852 Billion का हो गया है। इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में भी $26 million की बढ़ोतरी हुई है। इसमें एक सप्ताह पहले भी $5 million की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना आईएमएफ रिजर्व बढ़ कर $4.925 billion का हो गया है।

FCNR (B) में कितने डॉलर आए

रिजर्व बैंक ने पिछले दिनों बताया था कि अगस्त तक इस योजना में $65.4 billion आ चुके थे। इस योजना को इसी साल जून में शुरू किया गया थ। इस योजना के तहत एनआरआई पैसे जमा करते हैं और फॉरेन करेंसी में कोई एक्सचेंज रिस्क होता है तो वह पूरी तरह से रिजर्व बैंक उठाता है। इस योजना में रुपया नहीं बल्कि विदेशी मुद्रा में ही पैसे जमा होते हैं। बैंक इन जमाओं पर 7.4 फीसदी तक का उच्च ब्याज दर ऑफर कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस योजना की वजह से एनआरआई 15 फीसदी तक का रिटर्न अर्जित कर रहे हैं। क्योंकि वे विदेशों में बेहद कम ब्याज दर पर पैसे उठा कर FCNR (B) योजना के तहत भारी ब्याज दर का लाभ ले हे हैं।