ब्रेंट क्रूड वायदा 1.22 फीसदी बढ़कर 83 डॉलर प्रति बैरल के पार

0
2

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। सुबह के कारोबार में ब्रेंट क्रूड अक्टूबर वायदा करीब 1.22 फीसदी बढ़कर 83.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं WTI सितंबर वायदा 1.01 फीसदी की बढ़त के साथ 78.07 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था।

आज की तेजी की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और तेल की सप्लाई को लेकर चिंता है। खास तौर पर बाजार की नजर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर है। इस रास्ते से दुनिया के तेल और गैस कारोबार का बड़ा हिस्सा गुजरता है। क्षेत्र में तनाव और जहाजों की आवाजाही में रुकावट की आशंका के कारण कारोबारियों को डर है कि तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

ईरान से जुड़े घटनाक्रम पर भी बाजार की नजर बनी हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते और होर्मुज में सामान्य आवाजाही बहाल होने को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हुई है। यही अनिश्चितता तेल की कीमतों में जोखिम का अतिरिक्त भाव बनाए हुए है।

इसके अलावा लाल सागर और अदन की खाड़ी में सऊदी तेल टैंकरों पर हमलों की खबरों ने भी सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ाई है। अगर प्रमुख समुद्री रास्तों पर खतरा बढ़ता है तो तेल की ढुलाई महंगी होने के साथ सप्लाई में देरी हो सकती है।

कच्चे तेल की आगे की चाल काफी हद तक मिडिल ईस्ट के घटनाक्रम पर निर्भर करेगी। अगर अमेरिका-ईरान बातचीत में ठोस प्रगति होती है और होर्मुज से तेल की आवाजाही सामान्य होने के संकेत मिलते हैं तो कीमतों पर दबाव आ सकता है।

वहीं तनाव बढ़ने या सप्लाई में नई रुकावट की खबर आने पर ब्रेंट और WTI में तेजी और बढ़ सकती है। फिलहाल बाजार में सप्लाई से जुड़ा जोखिम कीमतों को सहारा दे रहा है।