माहेश्वरी युवा संगठनों की जिला एवं नगर की नई कार्यकारिणी में 40 सदस्य मनोनीत

0
7

प्रशांत पनवाड़ जिला अध्यक्ष, मंत्री पद पर आदित्य लड्ढा बने मंत्री

कोटा। कोटा जिला माहेश्वरी युवा संगठन एवं कोटा नगर माहेश्वरी युवा संगठन की नई कार्यकारिणी रविवार को मनोनीत की गई। जिला युवा संगठन के अध्यक्ष पद पर प्रशांत पनवाड़, मंत्री पद पर आदित्य लड्ढा और कोषाध्यक्ष पद पर रोहित लखोटिया मनोनीत किये गए। वहीं नगर युवा संगठन के अध्यक्ष पद पर जय लखोटिया, सचिव पद पर मधुर काबरा तथा कोषाध्यक्ष पद पर ऋषभ लाहोटी मनोनीत किये गए। दोनों संगठनों में कुल 40 सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।

नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह झालावाड़ रोड स्थित श्री माहेश्वरी भवन में आयोजित किया गया। माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज में आगे आकर संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। युवा समाज का भविष्य हैं। संगठन की कार्यप्रणाली और रीति-नीति को प्रारंभ से समझने का अवसर युवाओं को आगे चलकर बेहतर ढंग से जिम्मेदारियां निभाने में मदद करेगा।

माहेश्वरी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष महेश अजमेरा ने बताया कि माहेश्वरी युवा संगठन पांच दशक से अधिक समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल वर्ष 2026 से 2029 तक रहेगा।

उन्होंने कहा कि राजेश कृष्ण बिरला के नेतृत्व में जिला एवं नगर युवा संगठन का निर्विरोध निर्वाचन समाज में संगठनात्मक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। माहेश्वरी महिलासंगठन, माहेश्वरी पंचायत, माहेश्वरी जिला सभा और माहेश्वरी नया कोटा सहित समाज की विभिन्न इकाइयों में भी निर्विरोध निर्वाचन के माध्यम से आपसी समन्वय और एकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।