कोटा। कोटा शहर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ एवं इको फ्रेंडली नवदुर्गा क्लब द्वारा संचालित ‘पर्यावरण संरक्षण प्रहरी कोटा मुहिम’ का द्वितीय चरण आयोजित किया जा रहा है। इस मुहिम के अंतर्गत रविवार को शहर की विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को 56 माटी से निर्मित इको-फ्रेंडली नवदुर्गा प्रतिमाएं निशुल्क वितरित की जाएंगी।

प्रतिमा वितरण समारोह से पूर्व घोड़े वाले बाबा चौराहे पर स्थित टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में महाआरती व स्थल पूजन का आयोजन किया गया। इको फ्रेंडली नवदुर्गा क्लब के अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी डॉक्टर एमएल अग्रवाल मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन लाल गर्ग, महामंत्री राजेंद्र अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, चिरंजीवी लाल अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, मोहनलाल अग्रवाल, रहे।
मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का मूल ध्येय पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष विशेष रूप से 6 फीट की 28 प्रतिमाएं और 5 फीट की 28 प्रतिमाएं तैयार करवाई गई हैं। ये सभी प्रतिमाएं विशुद्ध रूप से माटी एवं प्राकृतिक सामग्रियों से निर्मित हैं, जिससे विसर्जन के समय नदियों व जलाशयों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी ने जानकारी दी कि वितरण समारोह को मोजी बाबा पावन धाम आश्रम की महामंडलेश्वर हेमा सरस्वती, कुलम शक्तिपीठ की साध्वी माता नीति अम्बा, मंगलेश्वरी मठ के पीठाधीश्वर रजीतानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल रहेंगे, जबकि अध्यक्षता विधायक संदीप शर्मा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर अनुसूया गोस्वामी एवं उप महापौर विवेक राजवंशी उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं एवं संस्थाओं को प्रतिमाएं सौंपेंगे।

