कोटा। आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश पाना हर इंजीनियरिंग अभ्यर्थी का सपना होता है। इसके लिए लाखों विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन सफलता कुछ को ही मिल पाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि आईआईटी या एनआईटी में प्रवेश नहीं मिला तो क्या करियर की संभावनाएं खत्म हो जाती हैं?
इसी सवाल का जवाब देने और विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग के वैकल्पिक अवसरों से रू-ब-रू कराने के लिए मोशन एजुकेशन की ओर से बुधवार को द्रोणा-2 कैंपस में दो दिवसीय शिक्षा महोत्सव एजुकेशन फेयर का आगाज हुआ।

पहले ही दिन यहां विद्यार्थियों और अभिभावकों की बड़ी भीड़ उमड़ी। विद्यार्थियों ने विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर कोर्स, प्रवेश प्रक्रिया, फीस, स्कॉलरशिप और प्लेसमेंट की जानकारी ली।
कार्यक्रम का उद्घाटन मोशन एजुकेशन के जेईई डिवीजन के हेड एवं जॉइंट डायरेक्टर रामरतन द्विवेदी, डिप्टी डायरेक्टर निखिल श्रीवास्तव, सीनियर फैकल्टी दीपक जोशी, चंद्रशेखर शर्मा, जयंत चित्तौड़ा, आतिश अग्रवाल और करियर फेयर कोऑर्डिनेटर रवींद्र साहू ने किया।
जेईई डिवीजन के हेड द्विवेदी ने कहा कि कोटा आने वाले विद्यार्थी सिर्फ पढ़ाई करना ही नहीं सीखते, बल्कि मेहनत, अनुशासन और चुनौतियों से लड़ने का हुनर भी विकसित करते हैं। यही खूबियां उन्हें जीवन में आगे बढ़ने में मदद करती हैं। करियर किसी एक परीक्षा या संस्थान तक सीमित नहीं है।
जरूरी है कि विद्यार्थी अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को समझते हुए सही विकल्प चुनें। करियर फेयर का उद्देश्य भी विद्यार्थियों को केवल विकल्प बताना नहीं, बल्कि सही दिशा चुनने में मदद करना है।
ढाई दर्जन से अधिक विश्वविद्यालयों के स्टॉल
एजुकेशन फेयर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (पंजाब), एमआईटी आर्ट, डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी (महाराष्ट्र), डीम्ड यूनिवर्सिटी ग्राफिक एरा (हैदराबाद), केआईटी (गाजियाबाद) और पारुल यूनिवर्सिटी (गुजरात) सहित देशभर के ढाई दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों ने भाग लिया। संस्थानों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक सुविधाओं और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों की सबसे अधिक दिलचस्पी बीटेक के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में रही।
इसके अलावा मेडिकल, फार्मेसी, लॉ, मैनेजमेंट, फाइनेंस, डिजिटल मार्केटिंग और डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों ने रुचि दिखाई। विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों ने बताया कि बदलते दौर में कंपनियों की अपेक्षाएं भी बदल रही हैं। अब केवल डिग्री के बजाय तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और समस्या समाधान की क्षमता को अधिक महत्व दिया जा रहा है। इसी के अनुरूप संस्थान अपने पाठ्यक्रमों में बदलाव कर रहे हैं।
स्कॉलरशिप और फीस में छूट की जानकारी
एजुकेशन फेयर में कई विश्वविद्यालयों ने मेरिट आधारित स्कॉलरशिप, फीस में छूट और अन्य आर्थिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी। इससे निजी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई के विकल्प तलाश रहे विद्यार्थियों की दिलचस्पी बढ़ी। विद्यार्थियों ने संस्थानों के प्रतिनिधियों से प्लेसमेंट रिकॉर्ड, कंपनियों के साथ साझेदारी, इंटर्नशिप और कैंपस सुविधाओं से जुड़े सवाल भी पूछे। आयोजन में ऑनलाइन प्रतियोगिताएं, क्विज और लकी ड्रॉ जैसी गतिविधियां भी रखी गईं।
विद्यार्थियों को मिला विकल्पों का भरोसा
एजुकेशन फेयर में पहुंचे विद्यार्थियों के लिए सबसे अहम बात यह रही कि उन्हें आईआईटी-एनआईटी के अलावा इंजीनियरिंग और अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध विकल्पों को करीब से समझने का अवसर मिला। पटना से आए विद्यार्थी अभिनव सिंह ने बताया कि अब तक उनके मन में यही चिंता रहती थी कि आईआईटी या एनआईटी में चयन नहीं हुआ तो आगे क्या होगा। यहां आकर विभिन्न विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम, प्लेसमेंट और स्कॉलरशिप की जानकारी मिली। इससे करियर को लेकर नई संभावनाएं समझ में आईं। नई दिल्ली से आई छात्रा तनीषा जोशी ने बताया कि पहले उन्हें लगता था कि आईआईटी-एनआईटी में प्रवेश नहीं मिला तो अच्छे करियर के रास्ते बंद हो जाएंगे, लेकिन एजुकेशन फेयर में कई अन्य संस्थानों और पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी मिली। अब उन्हें भरोसा है कि आगे बढ़ने के लिए एक से अधिक रास्ते मौजूद हैं।
आज भी मिलेगा मार्गदर्शन
शिक्षा महोत्सव एजुकेशन फेयर गुरुवार को भी सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इस दौरान मोशन एजुकेशन के सीईओ नितिन विजय विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें उच्च शिक्षा एवं करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन देंगे।

