नई दिल्ली। Direct Tax Collection: भारत में चालू वित्त वर्ष में डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 10 अगस्त तक नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन सालाना आधार पर 23.09% बढ़कर 8.11 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा करीब 6.59 लाख करोड़ रुपये था।
वहीं, ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 19.75% बढ़कर 9.55 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इस दौरान सरकार ने 1.43 लाख करोड़ रुपये के टैक्स रिफंड जारी किए, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 3.79% ज्यादा है।
कॉरपोरेट टैक्स से भी बढ़ी कमाई
- आंकड़ों के अनुसार, नेट कॉरपोरेट टैक्स कलेक्शन बढ़कर 2.70 लाख करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल 10 अगस्त तक यह 2.26 लाख करोड़ रुपये था।
- इसी तरह नेट नॉन-कॉरपोरेट टैक्स कलेक्शन भी बढ़कर 5.07 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 4.11 लाख करोड़ रुपये था।
- नॉन-कॉरपोरेट टैक्स में व्यक्तिगत करदाताओं समेत कई अन्य श्रेणियों से मिलने वाला टैक्स शामिल होता है।
STT कलेक्शन में भी बड़ा उछाल
शेयर बाजार में होने वाले लेनदेन पर लगने वाले सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) से सरकार की कमाई में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई है। 10 अगस्त तक नेट STT कलेक्शन 33,823.74 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 22,354.31 करोड़ रुपये था। यानी इसमें करीब 51% की बढ़ोतरी हुई है।

