नगर निगम चुनाव: बीजेपी ने मेयर पद के लिए अनुसईया को तो कांग्रेस ने सुनीता को उतारा

0
12

कोटा। कोटा नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर शनिवार को सियासी तस्वीर साफ हो गई। कांग्रेस ने जहां वार्ड-17 से निर्वाचित पार्षद सुनीता कुमारी सुमन को अपना महापौर प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने नामांकन की समय सीमा खत्म होने से कुछ देर पहले वार्ड-98 से निर्वाचित पार्षद अनुसुईया गोस्वामी को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है।

अनुसईया को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खेमे से माना जाता है। इसको मेयर चुनाव प्रत्याशी बनाये जाने के पीछे भी बिरला परिवार की अहम भूमिका बताई जाती है। अनुसूईया गोस्वामी का नामांकन पत्र शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन और दो महिला प्रस्तावकों ने दाखिल किया।

भाजपा में पिछले 24 घंटे से मेयर प्रत्याशी के नाम को लेकर मंथन चल रहा था। सीमा चौधरी और प्रतिभा सुमन समेत कई नामों की चर्चा के बीच आखिरी वक्त पर अनुसुईया गोस्वामी के नाम की घोषणा की गई। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन शनिवार को करीब 2:40 बजे नगर निगम पहुंचे। नाम की घोषणा में हुई देरी को लेकर उन्होंने कहा कि सस्पेंस बड़ी चीज है, बना रहना चाहिए।

51 वर्षीय अनुसुईया गोस्वामी भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं। वो राजस्थान भाजपा में प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। इसके अलावा कोटा में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने संगठन के लिए काम किया है। पार्टी संगठन में लंबे अनुभव और महिलाओं के बीच उनकी सक्रियता को उनके प्रमुख राजनीतिक पक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें ‘जीजी बाई’ के नाम से भी जाना जाता है।

अनुसुईया गोस्वामी कोटा की राजनीति में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खेमे से जुड़ी हुई मानी जाती हैं। भाजपा के भीतर उनके राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के साथ बिरला के साथ नजदीकी को भी मेयर पद के लिए उनकी दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा था।

अनुसुईया गोस्वामी के परिवार की भी भाजपा और स्थानीय राजनीति में पुरानी सक्रियता रही है। पिछले नगर निगम बोर्ड में उनकी भाभी रेखा गोस्वामी पार्षद रह चुकी हैं। वहीं बूंदी के पूर्व विधायक अशोक डोगरा उनके समधी हैं। इससे हाड़ौती की राजनीति में उनके परिवार के राजनीतिक संपर्क भी बताए जाते हैं।

करोड़ों की मालकिन अनुसुईया
अनुसुईया गोस्वामी सेकेंडरी तक पढ़ी हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। उनके परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। वार्ड-98 के चुनाव में उन्हें 1551 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के आयुष पारेता को 1158 वोट मिले।

कांग्रेस ने सुनीता सुमन को उतारा
कांग्रेस की ओर से वार्ड-17 की पार्षद सुनीता कुमारी सुमन ने मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम सहित कांग्रेस के पार्षद मौजूद रहे। सुनीता मूल रूप से बारां जिले के मायथा गांव की रहने वाली हैं और बीए-बीएड तक पढ़ी हैं। वो गृहणी हैं। उनके पति हरिओम सुमन पूर्व पार्षद रह चुके हैं और जमीन के कारोबार से जुड़े हैं।

सुनीता ने नामांकन के बाद कहा कि उनके पति के राजनीतिक अनुभव से उन्हें स्थानीय राजनीति को समझने में मदद मिली है। खास बात यह रही कि उनकी तीन साल की बेटी का शनिवार को जन्मदिन भी था और इसी दिन उन्होंने मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

25 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव
कोटा नगर निगम में भाजपा के 57 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इनमें लाडपुरा, कोटा दक्षिण और कोटा उत्तर के अलावा रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के पार्षद शामिल हैं। मेयर पद के लिए 21 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। इसके बाद 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा और इसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा।