सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने दिलाया कोटा इकाई को भरोसा
कोटा। रणथंभौर आने वाले पर्यटकों को दशहरा मेला देखने के साथ-साथ कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जायेगा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन एवं प्रतिनिधिमंडल के बीच सोमवार को हुई वार्ता में इस बात पर सहमति हो गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को कोटा भेजने के सतत प्रयास किए जाएंगे।
सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने कहा कि इस वर्ष बरसात के मौसम में भी बड़ी संख्या में पर्यटक आए हैं तथा अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर माह की होटल बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। भारतमाला रोड शुरू होने के बाद दिल्ली से सवाई माधोपुर की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। मात्र 3 घंटे में दिल्ली से सवाई माधोपुर पहुंचा जा सकता है।
वहीं, सवाई माधोपुर से कोटा का सड़क मार्ग कुछ स्थानों पर बाधित होने के बावजूद ट्रेन के माध्यम से लगभग एक से सवा घंटे में तथा सड़क मार्ग से करीब दो घंटे में कोटा पहुंचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर से कोटा की निकटता को देखते हुए रणथंभौर आने वाले पर्यटकों को दशहरा मेले के अवसर पर कोटा भेजने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रणथंभौर अभ्यारण्य में पर्यटकों का दबाव अधिक होने पर वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पर्यटकों को कोटा के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व अभ्यारण का भ्रमण भी कराया जा सकता है। इससे पर्यटक दशहरा मेले के साथ-साथ हाड़ौती के प्राकृतिक एवं वन्य पर्यटन का भी आनंद ले सकेंगे।
हाजी अहतशामुद्दीन ने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन से आग्रह किया कि दशहरा मेले का प्रचार सवाई माधोपुर में भी व्यापक स्तर पर किया जाए। इसके लिए सवाई माधोपुर इकाई की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने हाजी अहतशामुद्दीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दशहरा एवं दीपावली के अवसर पर रणथंभौर में देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। विशेष रूप से दिल्ली-आगरा-जयपुर के गोल्डन ट्राएंगल में आने वाला अधिकांश पर्यटक विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर अभ्यारण्य का भ्रमण करना चाहता है।
माहेश्वरी ने कहा कि रणथंभौर आने वाले पर्यटकों को कोटा के राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध दशहरा मेले से जोड़ना हाड़ौती के पर्यटन, कला, संस्कृति और विरासत को देशभर में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। हमारा निरंतर प्रयास है कि रणथंभौर के साथ-साथ जयपुर, उदयपुर, भरतपुर एवं चित्तौड़ संभाग में भी दशहरा मेले का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि इन क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को दशहरा मेले के अवसर पर कोटा आने के लिए प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की जयपुर, जोधपुर, उदयपुर चित्तोड एवं भरतपुर डिवीजन के पदाधिकारियों से भी निरंतर संपर्क बना हुआ है और हमें विश्वास है कि इन सभी इकाइयों का सहयोग कोटा के दशहरा मेले को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूत बनाने में मिलेगा।
माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा देशभर के टूर ऑपरेटरों से भी संपर्क किया जा रहा है। दशहरा मेले के अवसर पर पर्यटकों के लिए रियायती दरों पर दो से तीन दिन के विशेष टूर पैकेज तैयार किए गए हैं।
ताकि देशभर से आने वाले पर्यटकों को किफायती एवं सुविधाजनक इकोनॉमी टूर पैकेज का लाभ मिल सके और वे कोटा के दशहरा मेले के साथ हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कर सकें।

