पर्यावरण को हानि पहुंचाए बिना भी भव्यता के साथ मनाए जा सकते हैं पर्व: ऊर्जा मंत्री

0
28

कोटा में इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं स्थापित करने वाले 133 संगठनों का किया सम्मान

कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं की स्थापना करने वाले सामाजिक संगठनों का भव्य सम्मान समारोह रविवार को गीता भवन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मोजी बाबा पावन धाम के महामंडलेश्वर डॉ. हेमा सरस्वती महाराज, कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर माता नीति अंबा और कबीर आश्रम के संत प्रभाकर साहिब विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर रहे।

अध्यक्षता विधायक संदीप शर्मा ने की। समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चयनित 21 संगठनों को 5,100 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार प्रदान किए गए।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि हम अपने पर्वों को पर्यावरण को बिना नुकसान पहुँचाए अत्यंत भव्यता के साथ मना सकते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य नवंबर का यह समय शरद ऋतु के समापन और हेमंत ऋतु के आगमन का संधि काल होता है, जो प्रकृति में सकारात्मक बदलावों और कृषि से जुड़ी उत्सवधर्मिता का प्रतीक है। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि जब हम अपनी प्राचीन परंपराओं को आधुनिक वैज्ञानिक और पर्यावरण-हितैषी जरूरतों के साथ जोड़ते हैं, तो एक सशक्त समाज का निर्माण होता है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, उपमहापौर विवेक राजवंशी, रामगोपाल अग्रवाल, पूर्व जिला जज जयपुर एसके जैन, रामकुमार मेहता, महासंघ के संरक्षक मंडल के सदस्य तथा भाजपा ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष मुकुट नागर, एसएन गुप्ता, प्रदीप शर्मा, संजय रुंगटा, सत्यनारायण गुप्ता, दिनेश बंसल, अनिल खंडेलवाल और पीपी गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एंकर नरेश कारा द्वारा किया गया।

अभियान की जानकारी देते हुए ‘इको-फ्रेंडली श्री गणपति एवं नवदुर्गा क्लब’ के अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि पर्यावरण की रक्षा और सनातन परंपराओं के समन्वय के लिए महासंघ निरंतर कार्य कर रहा है।

इस वर्ष महासंघ की ओर से विभिन्न जन संगठनों को 4 फीट और 6 फीट की कुल 112 इको-फ्रेंडली प्रतिमाएं पूर्णतः निशुल्क वितरित की गईं। जिसमें नवदुर्गा संगठनों को 56 और गणेश संगठनों को 56 प्रतिमाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही कुल 133 संगठनों को इस मुहिम के तहत सम्मानित किया गया।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि कोटा जिले में 1000 से अधिक ऐसे गणेश और दुर्गा मंडल हैं जो 3 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमाएं स्थापित करते हैं। इन सभी को जोड़ने के लिए 10 सदस्यीय विशेष दल ने 10 दिनों तक पंडालों में जाकर 600 से अधिक विभिन्न मंडलों से सीधा संपर्क साधा। इन सभी की प्रमाणित जानकारी के साथ एक भव्य ‘स्मारिका’ का भी प्रकाशन किया गया है।

समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और विधायक संदीप शर्मा के समक्ष महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने मांग रखी कि कोटा के भव्य गणेश महोत्सव की व्यापकता को देखते हुए इसे ‘जिला महोत्सव’ घोषित किया जाए। साथ ही महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर राजस्थान सरकार द्वारा भी स्थानीय गणेश और दुर्गा उत्सव मंडलों को विशेष आर्थिक संबल प्रदान किया जाए।