जीवन में संयम को अपनाना भी सच्ची धर्म साधना है: मुनि विवर्धनसागर

0
6

श्रेयांशनाथ भगवान निर्वाण महोत्सव पर श्रद्धा से चढ़ाए 11 किलो का लाडू

कोटा। रिद्धि-सिद्धि नगर स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में गणधर मुनि विवर्धनसागर महाराज एवं प्रवर्तक मुनि विश्वनायकसागर महाराज के सान्निध्य में रक्षाबंधन वात्सल्य पर्व एवं श्रेयांशनाथ भगवान निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर श्रेयांशनाथ भगवान के निर्वाण महोत्सव पर 11 किलो का एक मुख्य लाडू, सवा किलो के 11 लाडू तथा 500 छोटे लाडू श्रद्धापूर्वक चढ़ाए गए।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं पंकज खटोड़ ने बताया कि रक्षाबंधन वात्सल्य पर्व एवं श्रेयांशनाथ भगवान निर्वाण महोत्सव पर लाडू चढ़ाने का सौभाग्य मनोज -नेहा, आशीष-रोजी एवं प्रज्ञम जैसवाल परिवार को प्राप्त हुआ।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए गणधर मुनि विवर्धनसागर महाराज ने श्रेयांशनाथ भगवान के निर्वाण महोत्सव के धार्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि तीर्थंकर भगवानों ने संसार को अहिंसा, सत्य, संयम और करुणा का मार्ग दिखाया है। वर्तमान जीवन में बढ़ती भौतिकता और भागदौड़ के बीच धर्म मनुष्य को आत्मचिंतन, शांति और सही दिशा प्रदान करता है।

धर्म का वास्तविक स्वरूप केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने व्यवहार को शुद्ध बनाना, सभी जीवों के प्रति दया रखना और जीवन में संयम को अपनाना भी सच्ची धर्म साधना है। मुनि विवर्धनसागर महाराज ने कहा कि निर्वाण महोत्सव हमें यह प्रेरणा देता है कि संसार की नश्वरता को समझते हुए आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ें।

इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रकाश बज, महामंत्री पदम बड़ला, विनोद टोरड़ी, अशोक सांवला, सुरेश बसंतीलाल दोषी, महेंद्र ठाई, टीकम पाटनी, राजू पाटनी, पारस लुहाड़िया, ऋषभ बाकलीवाल, महेंद्र गोधा सहित गुरु सेवा संघ परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।