जियो ग्रुप टॉक ऐप लॉन्च, जानिए कैसे करें इसका इस्तेमाल

1043

नई दिल्ली। Reliance Jio ने ऐंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए गूगल प्ले स्टोर पर एक नया ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप का नाम है ‘Jio Group Talk’ जिसके जरिए यूजर्स VoLTE के माध्यम से ग्रुप कॉन्फ्रेंस कॉल कर सकेंगे। इस ग्रुप टॉक ऐप में एक बार में एक समय पर 10 लोगों को जोड़ा जा सकता है।

जियो ग्रुप टॉक ऐप में लेक्चर मोड और म्यूट पार्टिसिपेंट्स जैसे कई अच्छे फीचर्स भी दिए गए हैं। यानी अगर आप चाहें तो कॉल के दौरान किसी को म्यूट भी कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस ऐप के जरिए जियो और नॉन जियो, दोनों ही यूजर्स को कॉन्फ्रेंस कॉल में जोड़ा जा सकता है। यहां तक कि आप लैंडलाइन नंबर को भी ग्रुप में ऐड कर सकते हैं। इसके लिए आपको सबसे पहले ये नंबर अपने स्मार्टफोन के कॉन्टैक्ट लिस्ट में सेव करने होंगे।

यह ऐप फिलहाल ट्रायल मोड में है और केवल उन यूजर्स के पास उपलब्ध है जो अपने स्मार्टफोन में रिलायंस जियो का सिम इस्तेमाल कर रहे हैं। इस ऐप का डाउनलोड साइज 6.15MB है। सभी यूजर्स के लिए इसका कमर्शल वर्जन भी जल्द ही जारी किया जाएगा। फिलहाल, जियो ग्रुप टॉप ऐप सिर्फ ऐंड्रॉयड डिवाइस पर उपलब्ध है।

ऐसी उम्मीद की जा रही है कि इसके रिलीज होने वाले फाइनल वर्जन में कई और धांसू फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो जियो इस ऐप में एचडी विडियो कॉलिंग का भी सपॉर्ट देने वाली है, लेकिन फिलहाल यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।

जानें कैसे करें इस्तेमाल
-इसके लिए सबसे पहले आपके पास एक जियो सिम और एक ऐंड्रॉयड स्मार्टफोन होना चाहिए।
-अब अपने जियो सिम वाले स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर पर Jio Group Talk App सर्च करें।
-अपने रिलायंस जियो मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए साइन इन करें। इसके बाद आपके नंबर पर एक OTP जाएगा, जिसके जरिए आपको वेरिफिकेशन करना होगा।
-रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरा होने के बाद आप जियो के न्यू कॉन्फ्रेंस कॉलिंग ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे।