होटल फेडरशन ने पर्यटन मंत्री को जनवरी में प्रस्तावित कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट का प्रस्ताव सौंपा
कोटा। जयपुर के सीतापुरा रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित JECC में आयोजित “ग्रेट इंडियन ट्रेवल बाजार” का उद्घाटन सोमवार को राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं सवाई माधोपुर के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने उनका स्वागत किया। साथ ही, जनवरी 2027 में कोटा में प्रस्तावित “कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट के आयोजन का प्रस्ताव एवं बारां में पर्यटन कार्यालय स्थापित करने संबंधी ज्ञापन भी सौंपा गया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट 2026 की ऐतिहासिक सफलता के बाद हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को प्रतिवर्ष कोटा में आयोजित किया जाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे हाड़ौती पर्यटन को निरंतर गति मिल सके।
साथ ही वर्तमान में बारां जिले में पर्यटन विभाग का कोई स्थायी कार्यालय स्थापित नहीं है, जिसके कारण इन सभी महत्वपूर्ण स्थलों का समुचित विकास, संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार नहीं हो पा रहा है। पर्यटकों को आवश्यक मार्गदर्शन, सूचना एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने में भी कठिनाई आती है ।
“ग्रेट इंडियन ट्रेवल बाजार” के अवलोकन के दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी टीम ने देशभर से आए टूर ऑपरेटर्स तथा 52 देशों से आए लगभग 220 विदेशी टूर ऑपरेटर्स से संपर्क कर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
इसके साथ ही, देशभर से आए लगभग 200 स्टॉल्स पर जाकर जनवरी 2027 में प्रस्तावित “कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट” के भव्य आयोजन की जानकारी दी गई तथा सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया।
इस ट्रेवल बाजार में देश के लगभग 20 राज्यों के पर्यटन विभागों की भव्य स्टॉल्स लगाई गई थीं, जिनमें दिल्ली, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, ओडिशा, पंजाब, केरल, असम सहित कई राज्यों की सहभागिता रही।
माहेश्वरी ने बताया कि इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी युक्त स्मारिका (Souvenir) एवं फोल्डर वितरित किए गए। आगंतुकों ने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को बेहद खूबसूरत और उभरते हुए पर्यटन गंतव्य के रूप में सराहा।

