चुनौतियों पर विजय पाना-सीखते हुए आगे बढ़ना ही लक्ष्य

153

जानिए, कोटा की बेटी नंदिनी गुप्ता फेमिना मिस इंडिया को

कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा की नंदिनी गुप्ता फेमिना मिस इंडिया चुनी गई। सौंदर्य प्रतियोगिताओं की नजर से यह कोटा जैसे शहर के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है और दूसरे इस मायने में भी कि राजस्थान में ऐसा पिछले चार सालों में दूसरा अवसर आया है जब यहां की किसी नौजवान के हसीन सपने को नई ड़गर मिली है जिस पर उसे अभी ओर आगे बढ़ते जाना है।

इसके पहले वर्ष 2019 में जयपुर की सुमन को फेमिना मिस इंडिया का खिताब मिला था और बाद में इस खिताब को हासिल कर उन्होंने ही मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था लेकिन वे वहां कोई बड़ी उपलब्धि हासिल नहीं कर पाई।

अब एक बार फ़िर सपने उड़ान भरने को तत्पर है क्योंकि कोटा एक और बेटी नंदिनी गुप्ता फेमिना मिस इंडिया चुनी गई है और इस नाते वे कोटा और राजस्थान के लिए हासिल की गई एक बड़ी उपलब्धि के साथ मिस वर्ल्ड-2023 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और उम्मीद की जाती है कि नंदिनी गुप्ता वहां भी अपना कमाल दिखाएं और बचपन से ही कैटवॉक करते हुए खूबसूरती का ताज हासिल करने के सपने को एक नए म़काम तक पंहुचाये।

उन्होंने खुद भी कहा है कि-” लक्ष्य हासिल करने और चुनौतियों पर विजय पाने में असफलता भी मिलती है तो उनसे सीखते हुए आगे बढ़ती जाना है। “अब सभी को यह उम्मीद है कि वह अगली पायदान को नई चुनौती के रूप में लेंगी और वहां भी फेमिना मिस इंडिया की तरह अपने और देश के लिए नई उपलब्धि हासिल करेंगे।

बीबीसी के संवाददाता मोहर सिंह ने कोटा की नंदिनी गुप्ता के फेमिना मिस इंडिया चुने जाने के बाद विशिष्ट जानकारियों के साथ एक अच्छी एवं दिलचस्प रिपोर्ट पेश की है जिसे हर किसी को सुनना चाहिए और यह जानना चाहिए कि इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए नंदिनी गुप्ता ने कितनी मेहनत की है और इस मेहनत के पीछे नंदिनी गुप्ता के किसान परिवार का कितना बड़ा योगदान है? जो कोटा जिले के लिए सांगोद क्षेत्र के एक छोटे से गांव भांड़ाहैड़ा का मूल रूप से निवासी है।

आइए जानते हैं कि बीबीसी के मोहर सिंह इस बारे में क्या जानकारी दे रहे हैं
सबसे पहले नंदिनी गुप्ता की माता रेखा गुप्ता का कथन- “नंदिनी जब दसवीं क्लास में आई, तब उसने मुझसे कहा था कि मम्मी एक बार मैं मिस इंडिया के प्लेटफॉर्म पर जाना चाहती हूं।”

“उसने ख़ुद को पढ़ाई में भी साबित किया। वो कहती थी कि मम्मी मैं पढ़ाई में अच्छा कर रही हूं, मैं वहां भी जाना चाहती हूं।” फेमिना मिस इंडिया-2023 ख़िताब जीतने वालीं नंदिनी गुप्ता की मां रेखा गुप्ता ने बेटी के उस सपने को साझा किया जो अब सच हो चुका है। रेखा गुप्ता फिलहाल नंदिनी के साथ मुंबई में हैं। उन्होंने बताया, “जब नंदिनी के नाम की घोषणा हुई तब मुझे विश्वास नहीं हुआ. मेरे पास शब्द नहीं हैं बताने के लिए।”

नंदिनी भारत की 59वीं मिस इंडिया: बीबीसी के मोहर सिंह की रिपॉर्ट के अनुसार नंदिनी ने पहली बार में ही मिस इंडिया का ख़िताब अपने नाम किया है। नंदिनी भारत की 59वीं मिस इंडिया बनी हैं। नंदिनी का परिवार कोटा के सब्जीमंडी इलाक़े में रहता है। नंदिनी ने स्कूल की पढ़ाई कोटा के एक निजी स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने मुंबई के लाला लाजपत राय कॉलेज में मैनेजमेंट स्टडीज़ में दाखिला लिया।

नंदिनी बीते एक साल से मुंबई में पढ़ाई के साथ-साथ मिस इंडिया के मंच तक पहुंचने के ख़्वाब को भी सींचती रहीं। नंदिनी के पिता सुमित गुप्ता ने फ़ोन पर हुई बातचीत में कहा, “नंदिनी के नाम की घोषणा होते ही बहुत ख़ुशी हुई. फिर हमने मंच की तरफ़ देखा ही नहीं।” वो बताते हैं, ” नंदिनी बचपन से ही कैट वॉक करती थी। नई ड्रेस लाते थे तो पहन कर हमें दिखाती और पूछती कि मैं कैसी लग रही हूं।”

नंदिनी की मां रेखा गुप्ता बताती हैं, “बचपन में नंदिनी कपड़े पहनकर पोज़ देती थी। जैसे-जैसे बड़ी होती गई तो इंटरनेशनल मॉडल्स से इंस्पायर होती गई, वो उनको फॉलो करती थी।” “दसवीं क्लास के दौरान नंदिनी ने मुझसे कहा था कि मुझे मिस इंडिया के मंच पर जाना है। तब मैंने उसे कहा कि अभी छोटी हो। नंदिनी ने पढ़ाई में ख़ुद को साबित किया। जब वो अठारह साल की हो गई तो हमने कहा ठीक है, अब मिस इंडिया के लिए जाओ।”

मिस राजस्थान चुनी गईं: वह बताती हैं, “11 फ़रवरी को मिस राजस्थान चुनी गईं। अब मिस इंडिया का ख़िताब जीता तो हमें विश्वास नहीं हुआ कि छोटे से शहर की बच्ची ने इतना बड़ा काम कर दिया। साल 2024 के मिस वर्ल्ड के लिए फेमिना ही उनकी ग्रूमिंग करेगा। कुछ दिन बाद वह मिस वर्ल्ड के लिए जुट जाएंगी।”

बीबीसी के मोहर सिंह की रिपॉर्ट के अनुसार नंदिनी ने स्कूल से कॉलेज तक पढ़ाई में भी कभी परिवार को निराश नहीं किया है। सुमित गुप्ता कहते हैं, “कोटा स्टेशन के पास सेंट पॉल स्कूल से नंदिनी ने पढ़ाई की है। दसवीं में 90 प्रतिशत और कॉमर्स के साथ बारहवीं में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए।”

वो बताते हैं, “हायर एजुकेशन के लिए नंदिनी ने मुंबई के हाजी अली इलाक़े में लाला लाजपत राय कॉलेज को चुना। वह यहां मैनेजमेंट स्टडीज़ कर रही हैं। फर्स्ट ईयर में यहां भी 90 फीसदी से ज़्यादा अंक हासिल किए हैं।”

“फेमिना मिस इंडिया के लिए उन्होंने इस साल सेकेंड ईयर की परीक्षाएं नहीं दी हैं। क्योंकि, मार्च में ही उन्हें 45 दिन के लिए मणिपुर जाना था। लेकिन, कॉलेज ने नंदिनी को सेकेंड ईयर की परीक्षाएं इस कार्यक्रम के बाद देने की अनुमति दी है।”

पिता सुमित खेती करते हैं: नंदिनी की मां रेखा गुप्ता कहती हैं, “नंदिनी की पढ़ाई अभी जारी रहेगी।” सुमित गुप्ता कहते हैं, “पढ़ाई तो सबसे पहले है। इसके बाद मैनेजमेंट में ही मास्टर डिग्री करनी है।” रिपॉर्ट में कहा गया है कि नंदिनी का जन्म साल 2003 में हुआ। परिवार में नंदिनी की छोटी बहन अनन्या नवीं क्लास में पढ़ती हैं। मां रेखा गुप्ता गृहणी हैं और 56 साल के पिता सुमित गुप्ता खेती करते हैं।

सुमित कहते हैं, “हमारे पास 175 बीघा ज़मीन है। पिता का साल 2000 में देहांत हो गया तो हम ही खेती देख रहे हैं।” “इस पर मैं और छोटा भाई खेती करते हैं। बड़े भाई रिटायर्ड डॉक्टर हैं।” वो बताते हैं, “खेती के साथ ही पहले मैं पॉल्यूशन कंसल्टेंट का काम भी करता था। पानी की टेस्टिंग, एनवायरलमेंट ऑडिट करना समेत कई काम थे लेकिन, नोटबंदी के बाद से ही पूरा समय खेती को देता हूं।”

रिपॉर्ट में कहा गया है कि सुमित गुप्ता नंदिनी के खेतों में जाने के दौरान का क़िस्सा सुनाते हैं- “नंदनी सबके साथ बहुत फ्रेंडली रहती है। बहुत सोशल है। खेतों में जाती तो फ़सल काट रहे लोगों के साथ वह बहुत सहजता से बात करती। वो खेतों में अक्सर जाती है।”

नंदिनी को फोटोग्राफ़ी का शौक: रेखा गुप्ता कहती हैं- “नंदिनी को फोटोग्राफ़ी का बहुत शौक है। लोगों की मदद करने और ज़रूरतमंद लोगों के लिए कुछ करने के लिए हमेशा सोचती है।” वो बताती हैं-“नंदिनी अपने पर्स में हमेशा चॉकलेट और बिस्कुट रखती हैं। कोई मांगने वाला आता तो चॉकलेट और बिस्कुट देती हैं।” वो बताती हैं-“एक दिन कोटा में ही सफ़र कर रहे थे। मांगने वाला आया, उस दिन नंदिनी के पर्स में चॉकलेट और बिस्कुट नहीं थे।”

“मैंने कहा कि पैसे दे दो।” तब नंदिनी ने पैसे देने से मना कर दिया और कहा, “मम्मी पैसे दे कर हम ही आदत बिगाड़ देते हैं।” नंदिनी के पिता सुमित गुप्ता और उनकी छोटी बहन अनन्या अभी मुंबई के मलाड़ में हैं जबकि, नंदिनी के साथ उनकी मां रेखा बांद्रा में हैं लेकिन वह कहती हैं- “नंदिनी के साथ हैं भी और नहीं भी। नंदिनी के सभी कार्यक्रम फेमिना ऑर्गनाइज़ेशन टीम देख रही है।”

कोटा में होगा भव्य स्वागत: नंदिनी के कोटा आने के सवाल पर उनके पिता सुमित गुप्ता कहते हैं, “फेमिना मिस इंडिया होम सिटी (कोटा) में स्वागत कार्यक्रम रखेंगे। यह कार्यक्रम तीन दिन का होगा. अगले कुछ दिन में कोटा आने का समय तय किया जाएगा।”