कोटा के नामी एक्टर ऋतुराज सिंह का कार्डियक अरेस्ट से मुंबई में निधन

186

वर्ष 2016 में कोटा में फिल्माई ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया; में वरुण धवन के पिता का भूमिका में आए थे नजर

मुंबई। Rituraj Singh passed away: कोटा के नामी एक्टर एवं टीवी इंडस्ट्री के जाने- माने अभिनेता ऋतुराज सिंह का निधन हो गया है। बीती रात कार्डियक अरेस्ट के चलते उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। एक्टर के निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।

59 साल के ऋतुराज सिंह पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। अस्पताल में उनका इलाज भी चल रहा था। एक्टर रिकवर भी हो गए थे, लेकिन अचानक आए कार्डिएक अरेस्ट ने उनकी जिंदगी छीन ली। हाल ही में वो रुपाली गांगुली के हिट शो अनुपमा में नजर आए थे।

ऋतुराज सिंह पेनक्रियाज की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके इलाज के लिए कुछ समय पहले वो हो हॉस्पिटल में भर्ती भी हुए थे। हालांकि, एक्टर डिस्चार्ज होकर घर वापस लौट आए थे, इसके बाद 19 फरवरी की रात ऋतुराज सिंह को कार्डियक अरेस्ट हुआ और उनका निधन हो गया।

ऋतुराज सिंह के करीबी दोस्त अमित बहल ने उनके निधन के खबर की पुष्टि की है। ईटाइम्स के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, “हां, कार्डियक अरेस्ट के कारण वो चल बसे हैं। कुछ दिनों पहले उन्हें पेनक्रियाज के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वो घर लौट आए थे, जहां कार्डियक की वजह से वो गुजर गए।”

इन टीवी सीरियल्स में किया काम
ऋतुराज सिंह का टीवी इंडस्ट्री में एक लंबा करियर रहा है। आखिरी बार एक्टर रुपाली गांगुली के हिट ड्रामा सीरियल ‘अनुपमा’ में नजर आए थे। शो में उन्होंने यशपाल की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा ऋतुराज सिंह, ‘अपनी बात’, ‘ज्योति’, ‘हिटलर दीदी’, ‘शपथ’, ‘वॉरियर हाई’, ‘आहट’, ‘अदालत’, ‘दीया और बाती’ जैसे तमाम हिट शोज में काम कर चुके हैं।

आलिया-वरुण के साथ किया काम
ऋतुराज सिंह ने कई फिल्मों में भी काम किया। एक्टर ने ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ (2017), ‘वश- पॉस्स्ड बाय द ऑब्सेस्ड’ और ‘थुनिवु’ (2023) जैसी हिट फिल्मों का हिस्सा रहे। उनकी आखिरी फिल्म ‘यारियां 2’ थी, जो बीते साल रिलीज हुई थी।

इंडिया पुलिस फोर्स’ में आए नजर
ऋतुराज कई वेब सीरीज का भी हिस्सा रहे, इनमें ‘द टेस्ट केस’, ‘हे प्रभु’, ‘क्रिमिनल’, ‘अभय’, ‘बंदिश बैंडिट्स’, ‘नेवर किस योर बेस्ट फ्रेंड’ और ‘मेड इन हेवन सीजन 2’ शामिल हैं। ओटीटी पर आखिरी बार एक्टर रोहित शेट्टी की वेब सीरीज ‘इंडिया पुलिस फोर्स’ में नजर आए थे।

कोटा राजस्थान में जन्मे ऋतुराज
ऋतुराज सिंह का पूरा नाम ऋतुराज सिंह चंद्रावत सिसोदिया था उनका जन्म कोटा, राजस्थान में 23 मई 1964 में एक सिसौदिया राजपूत परिवार में हुआ। राजस्थान में अपना घर होने के बावजूद उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली से की और 1993 में वे मुंबई चले गये और वहीं बस गये। जब ऋतुराज 12 साल के थे तो वह अमेरिका में रहते थे और फिर भारत आ गए। ऋतुराज सिंह के परिवार (Rituraj Singh Family) में उनकी पत्नी और बेटा है।

ऋतुराज की शाहरुख से दोस्ती
इस दौरान ऋतुराज की दोस्ती शाहरुख समेत कई और एक्टर्स के साथ हुई।एक इंटरव्यू में अपने पुराने दिनों को याद कर ऋतुराज ने बताया था शाहरुख खान के टीवी शो ‘फौजी’ के डायरेक्टर कर्नल राज कपूर ऋतुराज को लेकर भी एक फिल्म बनाने वाले थे। हालांकि, यह फिल्म तो नहीं बन पाई पर इस टॉपिक पर एक शॉर्ट फिल्म जरूर बनी जो दर्शकों को बेहद पसंद आई थी। इस फिल्म का नाम ‘ईमान’ था और इसमें ऋतुराज ने एक ईमानदार ऑफिसर का रोल प्ले किया था।

तोल मोल के बोल’ से करियर की शुरुआत
1993 में ऋतुराज मुंबई सेटल हो गए और उन्होंने टीवी शो ‘तोल मोल के बोल’ से बतौर होस्ट करियर की शुरुआत की। इसके बाद 2004 तक वो टीवी पर खूब एक्टिव रहे। उस दौरान ऋतुराज ने ‘कुटुम्ब’, ‘के स्ट्रीट पाली हिल’ और ‘कहानी घर घर की’ जैसे एकता कपूर के फेमस टीवी शोज में भी काम किया।