गांधी परिवार खुद को मानता है कानून से ऊपर: अनुराग ठाकुर का बयान

112

नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि लालू प्रसाद यादव समेत 14 सांसदों को आपराधिक मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य ठहराया गया है, लेकिन गांधी परिवार खुद को कानून से ऊपर मानता है और राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता के अयोग्य ठहराने पर आंसू बहा रहा है।

एक कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी वाड्रा के उनके परिवार का देश के लिए बलिदान के दावे पर पलटवार करते हुए कहा कि नेहरू-गांधी परिवार की तीन पीढि़यों ने 60 वर्षों तक देश पर शासन किया है, जबकि स्वतंत्रता संघर्ष में योगदान देने वाले हजारों लोग संसद तक भी नहीं पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार खुद को कानून, संसद और देश से ऊपर मान रहा है और जर्मनी, अमेरिका व ब्रिटेन के आगे घुटने टेक रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”वे भूल गए कि मतदान भारत के लोग करते हैं। वे विदेश में आंसू बहा सकते हैं, लेकिन यहां गुजरात से त्रिपुरा, मेघालय व नगालैंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा तक.. हर जगह भाजपा जीत दर्ज कर रही है।”

ठाकुर ने आरोप लगाया कि राजनीतिक परि²श्य से राहुल गांधी को हटाने के लिए कांग्रेस के अंदर ही साजिश रची गई। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा, ‘न तो प्रियंका गांधी और न ही किसी अन्य कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी को राजनीतिक परि²श्य से हटाने की साजिश के आरोपों पर जवाब दिया। ये कौन लोग हैं जो राहुल गांधी से छुटकारा पाना चाहते हैं? किसने यह सुनियोजित साजिश रची है।’

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”लोग उनके समर्थन में बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं। वे (कांग्रेस) इससे फायदा कैसे उठाएंगे? उन्हें पूरे पिछड़े समुदाय के गुस्से का शिकार होना पड़ा है। क्या लोग ऐसे व्यक्ति का समर्थन करेंगे जो खुद को कानून से ऊपर मानता है।”

ठाकुर ने राहुल गांधी की तुलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से करने के लिए कांग्रेस की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, ”एक व्यक्ति है जिसने 22 वर्ष सरकार के प्रमुख के रूप में एक भी छुट्टी नहीं ली। उनका देश के प्रति समर्पण ऐसा है कि वह अपनी मां का अंतिम संस्कार करने के दो घंटे के भीतर काम पर लौट आए। और आप उनकी तुलना राहुल गांधी से कर रहे हैं जो कहते हैं कि मैं सावरकर नहीं हो सकता। आप कुछ भी नहीं हो सकते।आपको प्रत्येक तीन महीनों में विदेश में छुट्टियां बितानी होती है।”

कांग्रेस कर रही निचले स्तर की राजनीति: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए कांग्रेस पर राहुल को लेकर बेहद निचले दर्जे की राजनीति और चर्चा करने का आरोप लगाया। उन्होंने काले कपड़ों में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को फैशन शो और नाटक करार दिया। सावरकर को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर पुरी ने कहा कि कांग्रेस के तथाकथित सहयोगी इस पर पहले ही प्रतिक्रिया व्यक्त कर चुके हैं।

राहुल की राजनीति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हर कोई, चाहे वह कहीं भी पैदा हुआ हो, वह जिस तरह के डीएनए के साथ आता है, उससे प्रभावित होता है। उनकी अयोग्यता के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह बड़ी अदालत में अपील कर सकते हैं।