कोटा लॉकडाउन/ शहर में स्टेशन क्षेत्र के 13 मार्ग सील

610

कोटा। भीमगंजमंडी पुलिस ने कोरोना संक्रमण पर प्रभावी रोकथाम के लिए स्टेशन क्षेत्र व आसपास अत्यधिक वाहनों के आवागमन की रोकथाम के लिए मंगलवार को सख्ती करते हुए अभियान चलाया। अभियान के तहत क्षेत्र के मार्गों को सील किया गया। भोजन वितरण आवश्यक सेवाओं व ड्यूटी पर आने जाने वाले व्यक्तियों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है।

थानाधिकारी हर्ष राज सिंह खरेड़ा ने बताया कि शहर में संक्रमण फैलने की संभावना के चलते पुलिस द्वारा लगातार समझाइश की जा रही है। इसके बावजूद देखा जा रहा है कि कई लोग सब्जी, फल, एटीएम, मेडिकल व किराना आदि के नाम पर व्यर्थ घूम रहे हैं। इसके लिए थाना क्षेत्रों में कई रास्तों को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है। थाना क्षेत्र में 13 मार्ग बंद किए गए हैं।

इनमें खेड़ली फाटक मेन रोड, गणेश चौक हरिजन बस्ती रोड, मनोज टॉकिज तिराहा, राम मंदिर रोड बजरिया, सब्जीमंडी बजरिया सिमरन होटल के पास, रंगपुर पुलिया से नेहरू नगर मेन रोड, रंगपुर पुलिया से सब्जी मंडी, दानमलजी का अहाता, कासिम गली, रंगपुर पुलिया के पास मस्जिद गली, मेन डडवाडा चौराहा, नेहरू नगर पुराना रेलवे फाटक व थाने के सामने से बजरिया आने जाने के दोनों मार्ग वैकल्पिक रूप से बंद कर दिए गए हैं।