कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ द्वारा कोटा के प्रमुख गणेश मंडलों को ‘सनातन धर्म संस्कृति गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। इसके लिए महासंघ द्वारा स्थापित ‘श्री गणेश महोत्सव आयोजन समिति महासंघ के संयोजन में’ 31 मई रविवार अपराह्न 3 बजे गीता भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रथम चरण में शहर के 51 प्रमुख गणेश मंडलों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में प्रत्येक सहमत मंडल से 3-3 सदस्यों को आमंत्रित किया गया है, जिसके तहत कुल 153 सदस्य इस गौरवपूर्ण सम्मान को प्राप्त करेंगे।
समारोह के प्रशस्ति पत्र का विमोचन शुक्रवार को मोजी बाबा पावन धाम की महामंडलेश्वर पूज्य साध्वी डॉ. हेमा सरस्वती के पावन सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल, संरक्षक समाजसेवी संदीप चांदीवाला, संजय गोयल, आरएल विजय, दिनेश कुमार बंसल, महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी रावण सरकार, परमानंद गर्ग, अश्वत्थामा दाधीच, महेश पंचोली और अनिल कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महासंघ के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2025 के गणेश महोत्सव के अंतर्गत महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ के नेतृत्व में गठित 5 सदस्यीय टीम ने 10 दिनों तक पूरे शहर का दौरा किया।
टीम ने 440 विभिन्न गणेश मंडलों से संपर्क स्थापित कर महासंघ की ‘पर्यावरण संरक्षण’ से जुड़ी भावी कार्य योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही, उन्हें विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह का निमंत्रण देकर उनके नाम और संपर्क सूत्र प्राप्त किए।
उल्लेखनीय है कि कोटा जिले में लगभग 1000 से अधिक ऐसे गणेश मंडल हैं, जो 3 फीट से अधिक ऊँची गणेश प्रतिमाएं स्थापित करते हैं। इस वर्ष भी गणेश महोत्सव के अवसर पर 10 दिनों तक इन सभी संगठनों से संपर्क साधने के लिए 10 सदस्यीय एक विशेष दल का गठन कर दिया गया है। दिसंबर माह तक विभिन्न चरणों में सम्मान समारोह आयोजित कर इन सभी संगठनों की प्रमाणित जानकारी के साथ एक भव्य ‘स्मारिका’ का प्रकाशन भी किया जाएगा।
कोटा के राष्ट्रीय स्तरीय प्रबुद्ध जनप्रतिनिधियों से महासंघ द्वारा यह मांग की जाएगी कि कोटा के गणेश महोत्सव को ‘जिला महोत्सव’ घोषित किया जाए। साथ ही, महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर राजस्थान सरकार की ओर से भी इन मंडलों को आर्थिक संबल प्रदान किया जाए।

