नीट-2027 की तैयारी के लिए 100% स्काॅलरशिप के साथ निशुल्क आवास व भोजन की सुविधा
कोटा। सरकारी स्कूलों के हिन्दी माध्यम के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के डाॅक्टर बनने के सपनों को साकार करने की दिशा में संचालित एलन शिक्षा संबल योजना के 2026-27 बैच का ओरियंटेशन बुधवार को हुआ।
एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास एवं एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में बारां रोड स्थित एलन सुपथ कैम्पस के सुहास सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चयनित 126 विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में एलन के निदेशक एवं एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास के ट्रस्टी राजेश माहेश्वरी एवं नवीन माहेश्वरी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत किया। उन्हें किट बैग, अध्ययन सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधन प्रदान किए गए।
चयनित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं एलन सुपथ कैम्पस में संचालित होंगी, जहां उन्हें नीट-2027 की तैयारी के लिए पूर्णतः निःशुल्क शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम में एचओडी केजी वैष्णव व पीबी सक्सेना भी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम के तहत यह तीसरे वर्ष के बैच की शुरुआत है। इसे 2024 में एलन परिवार के पितृ पुरूष लक्ष्मी नारायण माहेश्वरी (LN Maheshwari) की स्मृति में एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया गया था।
एलन शिक्षा संबल कार्यक्रम में राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्यों के सरकारी स्कूलों के हिन्दी माध्यम के विद्यार्थियों का परीक्षा के माध्यम से चयन किया जाता है।
सपनों को साकार करने का माध्यम
ओरियंटेशन समारोह को संबोधित करते हुए एलन के फाउंडर डारेक्टर राजेश माहेश्वरी ने कहा कि शिक्षा संबल केवल एक शैक्षणिक योजना नहीं, बल्कि उन परिवारों के सपनों को साकार करने का माध्यम है जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बच्चों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का आधार निरंतरता और आत्मविश्वास है। एलन विद्यार्थियों को श्रेष्ठ शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा, जबकि विद्यार्थियों को अपनी मेहनत और प्रतिबद्धता से इस अवसर को सफलता में बदलना होगा।
डॉ. नवीन माहेश्वरी ने कहा कि परमार्थ और शिक्षा के मूल्यों से प्रेरित होकर यह पहल शुरू की गई है, ताकि योग्य विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल सके।
ओरियंटेशन में जाना एलन का एकेडमिक सिस्टम
ओरियंटेशन सत्र के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को एलन की कार्यप्रणाली, एकेडमिक कैलेंडर, टेस्ट सिस्टम, रिवीजन प्लान तथा अध्ययन पद्धति की विस्तृत जानकारी दी गई। एलन नीट डिवीजन हेड एंड वाइस प्रसीडेंट विजय सोनी एवं कैम्पस प्रिंसिपल अमित काबरा ने नीट परीक्षा की तैयारी की रणनीति और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। वहीं कैम्पस की व्यवस्थाओं, कक्षा संचालन और अनुशासन संबंधी पहलुओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य, समय प्रबंधन और नियमित अभ्यास के महत्व पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया गया।

