एलन मस्क को एक ही दिन में 10.7 अरब डॉलर का झटका, अडानी टॉप-20 से बाहर

73

मुंबई। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में भारत के दूसरे सबसे रईस अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) को टॉप-20 से बाहर होना पड़ा है। उनका एशिया का दूसरे सबसे अमीर का रुतबा चीन के झोंग शानशान पहले ही छीन चुके हैं।

वहीं, दुनिया सबसे बड़े अरबपति एलन मस्क (Elon Musk) को एक ही दिन में 10.7 अरब डॉलर का झटका लगा है। मुकेश अंबानी अभी भी अपने 13वें स्थान पर कायम हैं।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजा सूची में औतम अडानी अब 61.6 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ टॉप-20 से बाहर होकर 21वें स्थान पर आ गए हैं। उनके ऊपर 20वें स्थान पर जुलिया फ्लेशर हैं, जिनके पास 61.7 अरब डॉलर की संपत्ति है। चीनी अरबपति झोंग शानशान 63.5 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ 18वें स्थान पर हैं।

लग रहा है एलन मस्का का टेस्ला को भारत में लाने का ऐलान उनकी कंपनी के निवेशकों को रास नहीं आया। बुधवार को टेस्ला इंक के शेयर 5.46 फीसद की बड़ी गिरावट के साथ 259.46 डॉलर पर बंद हुए।

इसका असर मस्क के नेटवर्थ पर भी पड़ा और एक ही दिन में उनकी संपत्ति से 10.7 अरब डॉलर स्वाहा हो गए। एलन मस्क की कुल संपत्ति 232 अरब डॉलर है और वह दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। इनके बाद फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट हैं, जिनके पास 197 अरब डॉलर की संपत्ति है।