कोटा। अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के पावन अवसर पर सर्व हिंदू समाज महिला मंडल महासंघ के तत्वावधान में 10 मई को अपराह्न 3 बजे गीता भवन में आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कोटा के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं के लिए ‘कोटा किटी क्लब’ की स्थापना की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं द्वारा संचालित किटी समूहों को एक संगठित सोशल मंच प्रदान करना है। वर्तमान समय में किटी पार्टी का स्वरूप केवल मनोरंजन और जलपान तक सीमित नहीं रह गया है।
आज ये समूह महिलाओं की अभिव्यक्ति और सशक्तिकरण का केंद्र बन चुके हैं। घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर महिलाएं अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं और एक-दूसरे के अनुभवों को साझा करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रही हैं। न्यूनतम निवेश के माध्यम से वित्तीय रूप से सक्षम होकर महिलाएं अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन पूरी गरिमा के साथ कर रही हैं।
79 समूहों का होगा प्रथम चरण में सम्मान
संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने जानकारी दी कि देश की आजादी के 79वें वर्ष के उपलक्ष्य में प्रथम चरण के अंतर्गत 79 किटी समूहों को आमंत्रित किया गया है। इन सभी समूहों की सहमति प्राप्त हो चुकी है। समारोह के दौरान प्रत्येक ग्रुप से आमंत्रित पांच प्रमुख महिलाओं को मोतियों की माला और दुपट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही, उन्हें ‘आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान’ प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
पोस्टर व प्रशस्ति पत्र का विमोचन
समारोह के पूर्व आयोजन की तैयारियों के बीच, शुक्रवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं समाजसेवी संजय गोयल, रामलाल विजय, गीता भवन अध्यक्ष गोवर्धन खंडेलवाल, रामेश्वर विजय, कृष्ण मुरारी खंडेलवाल, गिरिराज गुप्ता, महेंद्र मित्तल, घनश्याम गुप्ता, कुंती मुंद्ड़ा, गोविंद नारायण अग्रवाल, राजाराम जैन कर्मयोगी, परमानंद गर्ग, अनिल कुमार शर्मा एवं योगेश शर्मा द्वारा सम्मान पत्र का विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि कोटा में लगभग 500 से अधिक किटी समूह सक्रिय हैं। जिन्हें चरणबद्ध तरीके से इस मंच से जोड़कर सदस्यता प्रदान की जाएगी। यह आयोजन शहर में महिला एकता और स्वावलंबन का एक नया उदाहरण पेश करेगा।

