श्री मंगलमय चमत्कारी धाम पर प्रतिष्ठा महोत्सव
कोटा। विज्ञान नगर स्थित श्री मंगलमय चमत्कारी धाम हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रतिष्ठा महोत्सव’ और ‘शिवशक्ति यज्ञ’ का शुक्रवार को भव्य मंगल शुभारंभ हुआ। भक्ति और श्रद्धा के संगम के साथ शुरू हुए इस 10 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन मंदिर प्रांगण वैदिक मंत्रोच्चारों से गुंजायमान रहा।
समिति के महंत पंडित अशोक तिवारी ने बताया कि इस महायज्ञ में देश के विभिन्न पावन तीर्थों वृंदावन, उज्जैन और काशी सहित स्थानीय स्तर के कुल 139 विद्वान ब्राह्मणों की टोली यज्ञ संपन्न करा रही है।
अग्नि अखाड़े के महंत गोपालानंद महाराज के सानिध्य में शुरू हुए इस अनुष्ठान में प्रतिदिन पांच कुंडों में 11,000 आहुतियां दी जा रही हैं। यज्ञ के साथ-साथ मंदिर परिसर में 108 श्रीमद् भागवत मूल पाठ और चारों वेदों का सस्वर पाठ भक्तों के लिए आकर्षण और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि यज्ञ का समय प्रतिदिन प्रातः 6:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस 10 दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव का समापन 15 मई को विशाल भंडारे के साथ होगा। जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
प्राण प्रतिष्ठा और शास्त्रीय अधिवास
समिति के महंत पंडित अशोक तिवारी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य 14 मई को सवा पांच फीट ऊंचे भव्य नर्मदेश्वर शिवलिंग की स्थापना करना है। प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया को शास्त्रों में वर्णित पद्धति के अनुसार संपन्न किया जा रहा है। वर्तमान में शिवलिंग और शिव परिवार की मूर्ति की शुद्धता और दिव्यता के लिए विभिन्न अधिवास पूर्ण किए जा रहे हैं। जिनमें प्रमुख रूप से जलाधिवास, अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास, फलाधिवास, घृताधिवास, शर्कराधिवास और शैयाधिवास हैं। ये सभी प्रक्रियाएं शिवलिंग में प्राण तत्व के संचार के लिए अनिवार्य मानी जाती हैं। जिन्हें विद्वान पंडितों की गई देखरेख में विधि-विधान से पूर्ण किया जा रहा है।

