शहर की सड़कों पर 6 से 75 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने दिखाया जूनून
कोटा। Youngthon 2026: भोर की पहली किरण के साथ रविवार सुबह उम्मेद क्लब से निकली धावकों की कतारों ने शहर में ऊर्जा, उत्साह और फिटनेस का माहौल बना दिया। कोई तेज कदमों से मंजिल की ओर बढ़ रहा था तो कोई दोस्तों और परिवार के साथ दौड़ते हुए सेहत का संदेश दे रहा था।
पीली और हरी टी-शर्ट पहने 6 से 75 वर्ष तक के प्रतिभागियों के उत्साह के बीच ‘रन फॉर एजुकेशन’ थीम पर आयोजित यंगथॉन 3.0 में हाड़ौती के 5000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। दौड़ का उद्देश्य फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। लकी ड्रॉ में बिब नंबर 3847 के विजेता को साइकिल भी प्रदान की गई।

यंग इंडियंस कोटा चैप्टर और रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दौड़ को रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लोकेन्द्र राजावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन और शिक्षाविद् राजेश माहेश्वरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सुबह 5:30 बजे जुम्बा के साथ वार्मअप हुआ। इसके बाद 6:15 बजे 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और 6:30 बजे पांच किलोमीटर फन रन-वॉक शुरू हुई। उम्मेद क्लब से अग्रसेन चौराहा, लक्की बुर्ज, गीता भवन, ज्वाला तोप चौराहा और सेवन वंडर्स पार्क के सामने से होते हुए धावक किशोरपुरा तालाब तक पहुंचे और फिर वापस उम्मेद क्लब लौटे। मार्ग में प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन और स्वागत की व्यवस्थाएं की गईं।
दौड़ में युवाओं के साथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह से भाग लिया। राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी शिक्षा सुधार का संदेश लेकर दौड़े। उनके लिए यह आयोजन खेल और फिटनेस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की उम्मीद से भी जुड़ा था।
विद्यालयों में विद्यार्थियों के बैठने के लिए उपलब्ध कराए गए नए फर्नीचर को देखकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बेंच पर बैठकर उन्होंने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। आयोजन के माध्यम से चयनित राजकीय विद्यालयों में स्कूल बेंच की सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
रेडक्रॉस के स्टेट चैयरमेन राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों और अपने स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनाना जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हैं और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराते हैं।
उन्होंने वर्तमान समय में युवाओं को भटकाने वाले दुष्प्रचार के बीच रचनात्मक गतिविधियों के महत्व पर भी जोर दिया। लोकेन्द्र राजावत और राकेश जैन ने कहा कि 5000 से अधिक लोगों की भागीदारी शिक्षा और फिटनेस के प्रति सामूहिक जागरूकता का परिचायक है। ऐसे आयोजन विकसित और स्वस्थ कोटा के निर्माण में योगदान देते हैं।
अंतरराष्ट्रीय धावक एवं पूर्व सैनिक शक्ति सिंह ने भी दौड़ में भाग लिया। कोटा पुलिस विभाग ने भी दौड़ में दिखाया अपना दम। राजस्थान पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने सहभागिता के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
इनमें सिटी एडिशनल एसपी सुभाष मिश्रा , डीएसपी राजेश टेलर, रुद्रप्रकाश शर्मा, मनीष शर्मा, एडिशनल एसपी प्रवीण जैन, एडिशनल एसपी ओएसडी अंकित जैन और सेवानिवृत्त एडिशनल एसपी भगवान सिंह हिंगड़ शामिल रहे। यातायात उपाधीक्षक शक्ति सिंह की टीम ने यातायात डायवर्जन संभाला। संपूर्ण पुलिस विभाग का दौड़ को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा ।
यंग इंडियंस कोटा चैप्टर के चेयरमैन अंकित राठी और को-चेयरमैन अंकित गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अतिवीर जैन, भुवन गौड़, सारांश खंडेलवाल, मनु शर्मा, तरकेश साहनी, किंशुक जैन, विपुल पालीवाल, अनुराग अग्रवाल सहित टीम के सदस्यो ने कार्य का मोर्चा संभालना व पूरा यंग इंडियनस के सभी सदस्य ने यांगथोंन को सफल बनाने में अपनी अपनी भूमिका निभायी। प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल, प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महिला वर्ग की विजेता को गुलाबी साइकिल प्रदान की गई।
कोटा यूनाइटेड राउंड टेबल 306 की पहल पर देवली अरब रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 100 विद्यार्थियों ने यंगथॉन 3.0 मैराथन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था की ओर से विद्यार्थियों को नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन, किट और मैराथन टी-शर्ट उपलब्ध कराई गईं।
10 किलोमीटर दौड़ के परिणाम: अतिवीर जैन ने बताया कि 10 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग में योगेश गुर्जर प्रथम रहे। 30 से 40 वर्ष आयु वर्ग में अंकुश वर्मा, 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग में घासी राम मीणा, 50 से 60 वर्ष आयु वर्ग में डॉ. पवन मेहरा तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में गिर्राज सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग में सपना प्रथम रहीं। 30 से 40 वर्ष आयु वर्ग में सुनीता कुमारी, 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग में बरखा हाड़ा, 50 से 60 वर्ष आयु वर्ग में अनीता अग्रवाल तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कृष्णा राणा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
क्या करती है संस्था: रियल टेम्पल ऑफ इंडिया जून 2025 से पूर्व से कोटा शहर में सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था के संस्थापक संचालक प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि संस्था ने कोटा के राजकीय विद्यालयों में 16 से अधिक कक्षाकक्षों के निर्माण में सहयोग किया है। इसके साथ ही मूक-बधिर बच्चों के लिए क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। विशेष बच्चों के उत्साहवर्धन और उन्हें मनोरंजन के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा के सिटी पार्क में कार्निवल का आयोजन भी किया गया, जिसमें 600 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।

