नई दिल्ली। वीवो कम्पनी ने पहले Vivo S60 और S60e (जिसे V60 Vitality Edition भी कहा जाता है) स्मार्टफोन लॉन्च किए थे, और अब कंपनी ने चुपचाप एक और मॉडल, वीवो S60t, पेश किया है। कंपनी ने फिलहाल नए फोन को अपने घरेलू बाजार यानी चीन में उतारा है।
S-सीरीज का यह नया फोन वीवो की चीनी वेबसाइट पर देखा गया है। इसमें 24GB तक रैम, 7200mAh की बड़ी बैटरी, 144Hz AMOLED डिस्प्ले और 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरे वाला वर्सटाइल ट्रिपल-कैमरा सेटअप है। साथ ही, इसमें स्नैपड्रैगन 7-सीरीज का चिपसेट और स्लिम डिजाइन भी दिया गया है। कितनी है वीवो के इस नए फोन की कीमत और इसमें क्या-क्या खास है, चलिए बताते हैं…
Vivo S60t के फीचर्स
वीवो S60t में 6.59-इंच का एमोलेड डिस्प्ले है, जिसका रिजॉल्यूशन 2750×1260 पिक्सेल है। इसमें 10-बिट कलर डेप्थ, P3 वाइड कलर गैमट, HDR सपोर्ट और 144 हर्ट्ज का रिफ्रेश रेट मिलता है। गेमिंग मोड में टच सैंपलिंग रेट 300 हर्ट्ज तक पहुंच जाता है, और डिस्प्ले का स्क्रीन-टू-बॉडी रेश्यो 94.7% है। फोन का साइज 157.52×74.33 एमएम है, इसकी मोटाई अलग-अलग कलर वेरिएंट के आधार पर 7.79 एमएम से 7.92 एमएम के बीच है और वजन 207 ग्राम तक है।
इस फोन में स्नैपड्रैगन 7 जेन 4 मोबाइल प्लेटफॉर्म दिया गया है, साथ ही इसमें 12GB रैम और 512GB तक का स्टोरेज मिलता है। वीवो ने इसमें 7200mAh की बैटरी दी है जो 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। यह फोन 24GB मेमोरी फ्यूजन और USB Type-C पोर्ट के जरिए रिवर्स चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है।
फोटोग्राफी के लिए, नए वीवो S60t स्मार्टफोन में ऑटोफोकस के साथ 50-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है, जबकि इसके रियर सेटअप में OIS के साथ 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड लेंस और OIS के साथ 50-मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा है। प्राइमरी और पेरिस्कोप दोनों कैमरे 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करते हैं, जबकि फोन 100x तक डिजिटल जूम तक पहुंच सकता है। वीवो का कहना है कि फोन में जिम्बल जैसी स्टेबिलिटी मिलती है।
यह फोन Android 17 पर बेस्ड OriginOS 7 पर चलता है और इसमें अल्ट्रासोनिक सिंगल-पॉइंट फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। इसमें स्टीरियो स्पीकर, एनएफसी, ब्लूटूथ वर्जन 5.4, वाई-फाई 6, X-एक्सिस लीनियर मोटर और इन्फ्रारेड रिमोट भी मिलते हैं। मजबूती के लिए, फोन में IP68 और IP69 प्रोटेक्शन दिया गया है।
कीमत और उपलब्धता
वीवो S60t अभी चीन में 12GB+256GB और 12GB+512GB कॉन्फिगरेशन में लिस्टेड है, जिनकी कीमत क्रमशः 3599 युआन (करीब 52,000 रुपये) और 3,999 युआन (करीब 58,000 रुपये) है। इसे Starry Sea, Early Summer Green और Midsummer Night जैसे कलर्स में खरीदा जा सकेगा। Vivo S60t वैश्विक बाजार में उपलब्ध होगा या नहीं, फिलहाल कंपनी ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

