SET-2026: जयपुर में एक सेंटर पर पेपर देरी से पहुंचने पर हंगामा, परीक्षा स्थगित

0
7

जयपुर। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) रविवार को प्रदेश के सात संभाग मुख्यालयों पर 429 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इस दौरान जयपुर के पिंकसिटी एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र देर से पहुंचने को लेकर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय के करीब सवा 11 बजे प्रश्नपत्र का सेट केंद्र पर पहुंचा। इसके बाद कुछ अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और विरोध जताने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों से बातचीत की। इस बीच कोटा विश्वविद्यालय के अनुसार बाद में परीक्षा स्थगित कर दी गई। परीक्षा की अगली तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

बाकी सभी केंद्रों पर परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की गई। अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया, इसके बाद सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए।nराजस्थान में करीब तीन साल बाद राज्य पात्रता परीक्षा आयोजित कीकी गई। ऐसे में प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को इस परीक्षा से काफी उम्मीदें हैं। इस बार परीक्षा के लिए आवेदनों की संख्या में भी करीब 31 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

वर्ष 2023 में आयोजित SET परीक्षा के लिए 1 लाख 35 हजार 323 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस बार यह संख्या बढ़कर 1 लाख 77 हजार 901 हो गई है। परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से कराई जा रही है। अकेले जयपुर में 171 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 78 हजार 617 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।