अब तक 5.12 करोड़ रुपए की आय, 5.50 करोड़ के पार पहुंचाने का लक्ष्य
कोटा। Kota Dussehra Fair Income: नगर निगम की ओर से आयोजित दशहरा मेला-2026 में इस बार राजस्व अर्जन के मामले में नया रिकॉर्ड बना है। निगम अब तक 5.12 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित कर चुका है। यह कोटा दशहरा मेले के इतिहास में अब तक किसी भी मेला आयोजन में हुई आय से अधिक है। निगम ने अब राजस्व का आंकड़ा 5.50 करोड़ रुपए के पार पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
नगर निगम आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा ने बताया कि दशहरा मेले से वर्ष 2026 में अब तक 5.12 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हो चुका है। यह मेला इतिहास अब तक की सर्वाधिक आय है। इससे पूर्व वर्ष 2025 में 4.70 करोड़ रुपए और वर्ष 2024 में 4.20 करोड़ रुपए की आय हुई थी। इस वर्ष की आय ने पिछले सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है।
उपायुक्त धीरज कुमार सोनी ने बताया कि मेले में राजस्व अर्जन को 5.50 करोड़ रुपए के पार पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में केवल वही दुकानें खाली रह गई हैं, जो हर वर्ष आवंटित नहीं हो पाती हैं।इन दुकानों का भी आवंटन सुनिश्चित करने के लिए राजस्व विभाग प्रयास कर रहा है। मेला ग्राउंड में कुछ नई दुकानें/ झूले भी आवंटित की गई है।
इसके अलावा राजस्व सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमें विभिन्न बाजारों में जाकर खाली दुकानों का निरीक्षण कर रही हैं और उनके आवंटित नहीं होने के कारणों की जानकारी जुटा रही हैं। मेला समापन के बाद इन कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर आगामी वर्ष के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि सभी दुकानों का आवंटन हो सके और नगर निगम के राजस्व में और बढ़ोतरी की जा सके।

