RBI ने राज्यों को दी राहत, 21 दिनों तक मिलेगी ओवरड्राफ्ट की सुविधा

0
1091

नई दिल्ली।कोरोनावायरस के कारण देश में चल रहे लॉकडाउन के कारण राज्यों का कैशफ्लो मिसमैच हो गया है। इसको सही करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को राज्यों को बड़ी राहत दी। इसके तहत आरबीआई ने राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए ओवरड्राफ्ट की सुविधा में बढ़ोतरी कर दी है।

आरबीआई की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार कोरोनावायरस के कारण पैदा हुए हालातों को देखते हुए अब राज्य लगातार 21 दिनों तक ओवरड्राफ्ट की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। अभी तक यह सुविधा केवल लगातार 14 दिनों तक मिलती थी। इसके अलावा एक तिमाही में मिलने वाली ओवरड्राफ्ट सुविधा की अवधि में भी बढ़ोतरी की गई है। अब राज्य या केंद्र शासित प्रदेश एक तिमाही में 50 दिनों तक ओवरड्राफ्ट की सुविधा ले सकते हैं। अभी इसकी सीमा 36 दिनों तक निश्चित थी। यह सभी बदलाव तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं और 30 सितंबर 2020 तक प्रभावी रहेंगे।

लॉकडाउन के कारण राज्यों का राजस्व घटा
कोरोनावायरस महामारी के कारण देश के अधिकांश राज्यों का राजस्व घट गया है और वे बजट में तय किए गए लक्ष्य के मुताबिक वसूली नहीं कर पा रहे हैं। लॉकडाउन के कारण अधिकांश आर्थिक गतिविधियां ठप पड़ी है। इस कारण सरकारों को राजस्व नहीं मिल रहा है।

बढ़ सकती है लॉकडाउन की अवधि
केंद्र सरकार ने कोरोनावायरस का संक्रमण रोकने के लिए 25 मार्च से 21 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी। सरकार की पूर्व घोषणा के मुताबिक फिलहाल लॉकडाउन 14 अप्रैल तक जारी रहेगा, लेकिन इसके बढ़ने की संभावना है। कई राज्यों और विभिन्न एजेंसियों ने कोरोना संक्रमण के मौजूदा हालातों को देखते हुए लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने की सिफारिश की है। सरकार इन सिफारिशों पर विचार कर रही है।