Rajasthan Election: तुष्टिकरण के अलावा कुछ नहीं सोचती कांग्रेस: पीएम मोदी

0
50

पाली। Rajasthan election: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का चुनाव प्रचार चरम पर है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सोमवार को राजस्थान के पाली पहुंचे और विशान जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, पाली कभी पाला बदलता ही नहीं है। देश में कहीं भी जाकर देखिए, खासकर गुजरात में तो कोई जिला ऐसा नहीं मिलेगा जहां पाली वाला भाजपा का झंडा लेकर न खड़ा हो।

उन्होंने विकास को सर्वेच्च प्राथमिकता देने की बात करते हुए कहा कि दुर्भाग्य से यहां पिछले 5 साल जो कांग्रेस सरकार रही है, उसने लोगों को विकास में और पीछे धकेल दिया। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ भी नहीं है। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए परिवारवाद ही सबकुछ है।

उन्होंने कहा, यहां की कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण के अलावा कुछ नहीं सोचती। तुष्टिकरण की राजनीति का असर क्या होता है, ये राजस्थान ने बीते 5 वर्षों में झेला है। कांग्रेस ने राजस्थान को दंगों में झोंक दिया। दंगों और आतंकी मानसिकता वालों के हौसले बुलंद हो गए। सौहार्द की इस धरा पर ऐसी-ऐसी घटनाएं हुईं, जिनके बारे में कभी कल्पना भी नहीं की जा सकती।

इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले ही बिहार में घमंडिया गठबंधन के एक नेता, जो वहां के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने दलित समाज के एक पूर्व मुख्यमंत्री के लिए ऐसी अभद्र भाषा बोली, जिसका प्रयोग सामान्य नागरिक बातचीत में भी नहीं करता। लेकिन उन्होंने विधानसभा में ये सब बातें कही। उन्होंने तो पाप किया, लेकिन कांग्रेस के एक भी नेता के मुंह से इसके विरोध में एक भी शब्द नहीं निकला।

लोगों ने पहचाना कांग्रेस का असली चेहरा’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब से महिलाओं को आरक्षण देने वाला कानून ‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम’ पारित हुआ है, तब से इन्होंने महिलाओं के विरुद्ध अभियान छेड़ दिया है। घमंडिया गठबंधन के नेताओं ने बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणियां हमारी माताओं-बहनों के लिए की हैं। बिहार के मुख्यमंत्री ने तो विधानसभा में महिलाओं के प्रति घोर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है, लेकिन कांग्रेस के किसी भी नेता ने इस पर कुछ नहीं बोला। यही कांग्रेस का असली चेहरा है, जिसे राजस्थान के लोग पहचान गए हैं।