MPS के दीपांशु ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण, वेदिका ने ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीता

0
7

दोनों छात्र-छात्राओं को माहेश्वरी पब्लिक स्कूल कोटा ने किया सम्मानित

कोटा। माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और कोटा का गौरव बढ़ाया है। कक्षा 11 के छात्र दीपांशु यादव ने सीबीएसई क्लस्टर-14 एथलेटिक्स मीट-2026 की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया, जबकि कक्षा 6 की छात्रा वेदिका धाकड़ ने सीबीएसई वेस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026-27 में कांस्य पदक हासिल किया।

श्री माहेश्वरी समाज, कोटा के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सबसे सशक्त पाठशाला हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण को जीवन का हिस्सा बना लेते हैं, सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि दीपांशु राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कोटा और राजस्थान का गौरव बढ़ाएंगे, वहीं वेदिका अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भविष्य में नई उपलब्धियां अर्जित करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनते हैं और समाज को यह संदेश देते हैं कि संकल्प, परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

दीपांशु यादव ने राव प्रहलाद सिंह इंटरनेशनल स्कूल, कोटपूतली-बहरोड़ में सीबीएसई क्लस्टर-14 एथलेटिक्स मीट में 17 वर्ष आयुवर्ग की 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित किया।

वहीं वेदिका धाकड़ ने विद्यास्थली पब्लिक स्कूल, दौसा में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अंडर-14 आयुवर्ग के 29 से 32 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को एक और उपलब्धि दिलाई।