विकास कार्यों के लिए फंड की कमी नहीं, व्यवस्थाओं में सुधार करें अधिकारी

0
6

ऊर्जा मंत्री की समीक्षा बैठक: शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर अधिकारियों को दिए निर्देश

कोटा। ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार को सर्किट हाउस में विभिन्न विभागीय अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने आपदा प्रबंधन, चिकित्सा, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

मंत्री नागर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों और जनसुविधाओं के लिए बजट और फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, लेकिन अधिकारियों को परिणामोन्मुखी (रिजल्ट ओरिएंटेड) दृष्टिकोण के साथ काम करना होगा। बैठक के दौरान मंत्री हीरालाल नागर ने विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों, विशेषकर आपदा प्रबंधन, चिकित्सा कर्मियों और शिक्षकों की कमी पर चिंता व्यक्त की।

चिकित्सा कर्मियों की कमी को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके से ही प्रिंसिपल सेक्रेटरी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) से वार्ता की और जल्द से जल्द जनहित में इन रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने स्कूलों भवनों का समय रहते सर्वे कराने के निर्देश दिए ताकि शैक्षणिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

​जर्जर भवनों का निस्तारण
​ऊर्जा मंत्री ने स्कूल भवनों और आंगनवाड़ी केंद्रों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जर्जर भवनों को तुरंत चिन्हित कर उन्हें डिस्मेंटल (ध्वस्त) करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके लिए उन्होंने समग्र शिक्षा अभियान (समसा) और पीडब्ल्यूडी द्वारा किए गए सर्वे के डेटा का मिलान करने को कहा। साथ ही, भवन-विहीन और जर्जर भवनों वाले स्कूलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आंगनवाड़ी व स्कूल भवनों के नियमित रखरखाव के लिए एक नोडल एजेंसी बनाने के निर्देश दिए।

​कागजी खानापूर्ति पर रोक
​विभिन्न स्थानों पर आयोजित ‘पौधारोपण अभियान’ की समीक्षा करते हुए मंत्री नागर ने सख्त लहजे में कहा कि केवल कागजी आंकड़े प्रस्तुत करने से काम नहीं चलेगा। अधिकारियों को पूर्व में तय लक्ष्य, लगाए गए कुल पौधों और वर्तमान में जीवित पौधों का सटीक डेटा पेश करना होगा। उन्होंने कहा कि “पौधा लगाने से ज्यादा जोर उसे पेड़ बनाने पर होना चाहिए।” उन्होंने लक्ष्य दिया कि कम से कम 70% पौधे हर हाल में जीवित रहने चाहिए। इसके लिए बच्चों और ग्रामीणों में वृक्षों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव पैदा करने और व्यापक प्लानिंग के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

​अधिकारियों को सख्त हिदायत
​बैठक में आगामी बारिश और मौसम से जुड़ी आपदा तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री नागर ने अधिकारियों को ताकीद की कि भविष्य में किसी भी समीक्षा बैठक में वे पूरी तैयारी, अद्यतन आंकड़ों और स्पष्ट योजना के साथ ही उपस्थित हों। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर ढिलाई या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एडीएम सीलिंग रवि वर्मा, एसई पीडब्ल्यूडी अशोक सनाढ्य, सीएमएचओ नरेंद्र नागर, एसडीओ दीपक महावर, डीईओ सेकेंडरी रामचरण मीणा, एडीपीसी नवल किशोर महावर समेत विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।