देश का विदेशी मुद्रा भंडार 5.654 अरब डॉलर घटकर 666.933 अरब डॉलर रहा

0
5

मुंबई। Forex Reserve of India: पिछले सप्ताह दुनिया भर के बाजार में सोने के दाम घटे हैं। इसका असर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign exchange reserves) पर भी दिखा है। इस सप्ताह सोने की वैल्यू में 5 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी होने से कुल मिला कर विदेशी मुद्रा भंडार काफी घट गया। इस दौरान अपने फॉरेन करेंसी एसेट भंडार में भी गिरावट हुई है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 26 जून को समाप्त हफ्ते में 5.654 अरब डॉलर घटकर 666.933 अरब डॉलर रह गया। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 96.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 672.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार 728.494अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर था।

विदेशी मुद्रा आस्तियां
आंकड़ों के मुताबिक 26 जून को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 15 करोड़ डॉलर घटकर 541.07 अरब डॉलर रह गईं। इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 5.39 अरब डॉलर घटकर 102.54 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 8.9 करोड़ डॉलर घटकर 18.56 अरब डॉलर रह गया।

आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत का आरक्षित कोष भी 2.1 करोड़ डॉलर घटकर 4.77 अरब डॉलर रह गया। पश्चिम एशिया संकट से पहले 27 फरवरी को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

गोल्ड रिजर्व में भारी कमी

  • आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम काफी घटे हैं।
  • इससे रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $5.394 billion की कमी हुई है।
  • एक सप्ताह पहले इसमें $4.110 Billion की बढ़ोतरी हुई थी।
  • अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू घट कर $102.536 billion का रह गया है।
  • मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था।
  • यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है।