Election 2023: कांग्रेस के भ्रष्टाचारी कुशासन का अंत करेंगी जनता- अटल खण्डेलवाल

65

कोटा। Rajasthan Election 2023: भाजपा कोटा संभाग के प्रवक्ता अटल खंडेलवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा जनता ने भ्रष्टाचारी सरकार की समाप्ति का मन बना लिया है। खण्डेलवाल ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस के विधायक भरत सिंह कांग्रेस के भ्रष्टाचारी मंत्रियों के बारे में समय-सयम पर गहलोत सरकार को अवगत करा चुके हैं। परन्तु गहलोत सरकार उन्हे हटाने की जगह उन्हे संरक्षण देती है।

मंत्री अशोक चांदना भी किसानों को बिजली नहीं मिलने की बात उठा चुके हैं। कांग्रेस अपने ही मंत्रियों की बात नहीं सुनती है तो जनता की सुनवाई तो कांग्रेस सरकार में संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा कि संभाग की 17 सीटों पर भाजपा की दावेदारी प्रबल है और इस बार भाजपा रिकॉर्ड मतों से विजयी होगी।

उन्होंने गहलोत सरकार को बेरोजगारी, तुष्टिकारण, किसानों की आत्महत्या, महिला हिंसा, महगांई के मुद्दों पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में कांग्रेस ने राजस्थान के लोगों को लुभाने की बहुत कोशिश की। गहलोत सरकार की मनमर्जी की घोषणाओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार के पास पैसा नहीं है। ऐसे मे राज्य में आर्थिक बोझ बढ़ चुका है। गहलोत सरकार के पास कर्मचारियों को देने के लिए वेतन भी नहीं है।

गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार ने चुनाव से पहले कई घोषणाएं और वादे करके सीमाएं लांघ दी। लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस केवल घोषणाएं करके लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकती। उन्होंने कहा कि लोग समझदार हैं और बहुत सोच-विचार के बाद वोट देंगे।

कांग्रेस से मोह भंग
प्रदेश समन्वयक कोटा संभाग प्रीत मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों की वजह से जनता का कांग्रेस से मनभंग हो चुका है। कांग्रेस सरकार के मंत्री भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जनता भी उनकी नीतियों से नाराज है। कांग्रेस के कई नेता शनिवार को भाजपा में शामिल हुए हैं। ज्योति खंडेलवाल, चंद्रशेखर बैद, नंदलाल पूनिया और सांवरमल महिया ने बीजेपी ज्वॉइन की है। इसके अलावा, दो सेवानिवृत्त आईपीएस अफसरों और जोधपुर यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रविंद्र सिंह भाटी भी भाजपा में शामिल हुए हैं।