Coriander Price:मंडियों में नए धनिए की भारी आवक से कीमतें स्थिर रहने का अनुमान

26

कोटा। Coriander Price: प्रमुख उत्पादक राज्यों में धनिया की नई फसल की जोरदार कटाई-तैयारी तथा मंडियों में आवक आरंभ हो चुकी है और अब इसकी रफ्तार काफी बढ़ गया है। रामगंज मंडी में औसत दैनिक आवक बढ़कर 40-50 हजार बोरी तथा बारां मंडी में 6-7 हजार बोरी पर पहुंच गई है जबकि इसके सापेक्ष मांग कमजोर है।

रामगंज मंडी में धनिया का कारोबार 20-25 हजार बोरी का बताया जा रहा है। इसके फलस्वरुप कीमतों में फिलहाल ज्यादा तेजी की संभावना दिखाई नहीं पड़ रही है।गुजरात में धनिया के बिजाई क्षेत्र में भारी गिरावट आ गई जबकि मध्य प्रदेश में क्षेत्रफल कुछ बढ़ने तथा राजस्थान में स्थिर रहने की सूचना मिली थी। राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश की मंडियों में भी धनिए की आपूर्ति की रफ्तार तेज होने लगी है।

राजस्थान की मंडियों में धनिया का भाव 6300-7000 रुपए प्रति क्विंटल ने सामान्य स्तर पर चल रहा है। व्यापार विश्लेषकों के अनुसार अप्रैल-मई में प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में धनिया की आपूर्ति का दबाव चना रहेगा लेकिन कीमतों में ज्यादा नरमी आना मुश्किल लगता है।

स्टाकिस्ट एवं निर्यातक धनिया का भाव घटने का इंतजार कर रहे हैं। विदेशों में धनिया की अच्छी मांग निकलने की उम्मीद है। अप्रैल-दिसम्बर 2023 के दौरान देश से 87.531 टन धनिया का निर्यात हुआ था। वर्ष 2022 की समान अवधि के निर्यात 32,449 टन के ढाई गुना से भी ज्यादा है। इसकी निर्यात आय भी 448.88 करोड़ रुपए से बढ़कर 750.84 करोड़ रुपए पर पहुंच गई।