क्या सोना 40 हजार से नीचे आएगा, 6 महीनों में 10 हजार रु. सस्ता हुआ

0
1550

नई दिल्ली। सोने की चमक लगातार फीकी पड़ती जा रही है। अगस्त से लेकर अब तक सोना 10 हजार रुपए से भी सस्ता हो गया है। सिर्फ 6 महीनों में ही सोने की कीमत में 10 हजार रुपए से भी ज्यादा की कमी आई है। अब एक्सपर्ट ऐसा अनुमान लगा रहे हैं कि सोना 40 हजार रुपये प्रति दस ग्राम से नीचे आ सकता है। शेयर बाजार स्थिर बना रहे और हालात अनुकूल रहे तो भाव अभी और गिरेंगे।

सोने के दाम पिछले 8 महीने में सबसे निचले स्तर पर आ गए हैं। अभी सोना 46,130 रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। इससे पहले 1 जून 2020 में सोना 46 हजार पर था। इसके बाद सोने की चमक लगातार बढ़ी और ये अगस्त में अपने ऑलटाइम हाई 56 हजार 200 रुपए पर पहुंच गया था।

1 हफ्ते में ही सोना 870 रुपए सस्ता हुआ है। 12 फरवरी को सोने का भाव 47 हजार पर था। जो अब 46,130 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। 19 फरवरी को सोने की कीमतों में 560 रुपए की गिरावट आई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,791 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गया। वैश्विक वायदा भाव कॉमेक्स पर सोना 1,784 डॉलर प्रति औंस पर है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर भी पिछले कुछ दिनों में थोड़ा कमजोर हुआ है। अभी सोना 1800 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे आ गया है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्‍त वर्ष 2021-22 के लिए पेश किए बजट में सोने और चांदी पर आयात शुल्क में भारी कटौती की घोषणा की है। सोने और चांदी पर आयात शुल्क में 5% की कटौती की है। इस समय फिलहाल सोने और चांदी पर 12.5% आयात शुल्क देना होता है। 5% की कटौती के बाद सिर्फ 7.5% इंपोर्ट ड्यूटी देनी होगी। इससे सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है।

भारत में सोने के दाम बढ़ने की एक दूसरी वजह बैंकों का 2018-19 में 600 टन सोना ख़रीदना भी थी क्योंकि इससे मांग बढ़ी और सोने के दाम ऊपर गए। लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है और लोग शेयर बाजार में फिर से पैसा लगा रहे हैं।

वैक्सीन का ऐलान होते ही गिरा सोना
कोरोना संकट भले ही अभी न टला हो, पर वैक्सीन आते ही लोगों में करोना का डर कम हुआ है। अगस्त 2020 तक सोने का भाव बढ़ता जा रहा था। लेकिन अगस्त में ही रूस ने पहली कोरोना वैक्सीन का ऐलान किया। इसी के बाद सितंबर से सोना टूटने लगा। अब वर्ल्ड बैंक की भविष्यवाणी मानें, तो 2030 तक सोने के भाव में 10% से 20% तक की गिरावट आएगी।

सोने ने बीते 5 साल में दिया 85% का रिटर्न
21 जनवरी 2016 को सोने का दाम 25 हजार के करीब था जो अभी 46,130 रुपए पर है। यानी 5 साल में सोने ने 85% रिटर्न दिया है। भारत में सोने का दाम 1965 की तुलना में अभी 746 गुना ज्यादा है। 1965 में इसकी कीमत 63.25 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।