निवेशकों के समर्थन से सेंसेक्स 549 उछल कर 47,423 पर खुला

0
556

नई दिल्ली। लगातार 5 दिनों से गिरावट में कारोबार कर रहे बाजार की शुरुआत अच्छी रही। फिलहाल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का (BSE) सेंसेक्स 47 हजार और निफ्टी 13,800 के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। सुबह 9:15 बजे निवेशकों के समर्थन से BSE सेंसेक्स 549.11 अंक ऊपर 47,423.47 पर और निफ्टी 129.05 ऊपर 13,946.60 पर खुला। बाजार की बढ़त में बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयर सबसे आगे हैं।

सुबह 10:09 बजे सेंसेक्स 117 अंकों की बढ़त के साथ 46,991.53 पर कारोबार कर रहा है। इसमें इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे ज्यादा 3.92% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि HUL का शेयर 1.64% फिसल गया है। एक्सचेंज पर 2,266 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,542 शेयर बढ़त और 636 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप बढ़कर 189.10 लाख करोड़ रुपए हो गया, जो गुरुवार को 188.13 लाख करोड़ रुपए था।

NSE का निफ्टी इंडेक्स 43.25 अंक ऊपर 13,860.80 पर कारोबार कर रहा है। इसमें टाटा मोटर्स, बीपीसीएल, अदाणी पोर्ट और महिंद्रा एडं महिंद्रा के शेयरों में बढ़त है, जबकि एक्सिस बैंक, मारुति और टीसीएस के शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इनमें 1-1% की गिरावट है।

आज ये कंपनियां पेश करेंगी तिमाही नतीजे
आज चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस, सिप्ला, डाबर, डिश टीवी इंडिया, डीएलएफ, डॉ. रेड्डीज लैब्स, एक्साइड इंडस्ट्रीज, इंडसइंड बैंक, IOC, LIC हाउसिंग फाइनेंस, टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स सन फार्मा, वेदांता, वखार्ड सहित अन्य कंपनियां दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।

वैश्विक बाजारों में रिकवरी
29 जनवरी को दुनिया ज्यादातर शेयर बाजारों में बढ़त है। चीन का शंघाई कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग 0.22% बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर जापान का निक्केई इंडेक्स 0.51%, कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.28% और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज 0.11% फिसल गए हैं।

इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी अच्छी रिकवरी देखने को मिली थी। डाओ जोंस, नैस्डैट और S&P 500 इंडेक्स करीब 1-1% तक की बढ़त के साथ बंद हुए थे। इसी तरह यूरोपियन मार्केट में जर्मनी का DAX इंडेक्स 0.33% ऊपर और फ्रांस CAC इंडेक्स 0.93% ऊपर बंद हुए थे, जबकि ब्रिटेन का FTSE 0.63% की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

सेंसेक्स कल 535.57 अंक गिर कर बंद हुआ था
28 जनवरी को सेंसेक्स 535.57 अंकों की गिरावट के साथ 46,874.36 पर और निफ्टी 150 अंक नीचे 13,817.55 पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध 3,712.51 करोड़ रु. के शेयर बेचे थे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,736.92 करोड़ रु. के शेयर खरीदे थे।